Thu. Nov 5th, 2026

उज्जैन में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ADM ऑफिस का क्लर्क 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया

उज्जैन:गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) कार्यालय में तैनात सहायक श्रेणी-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामला प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन में कथित धोखाधड़ी से संबंधित है। इस कार्रवाई के बाद, एडीएम अतींदर सिंह गुर्जर की भूमिका की जांच करने और उन्हें सह-आरोपी बनाने की मांग उठ रही है। यहां एडीएम ऑफिस में पदस्थ एक क्लर्क को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी उज्जवला गैस कनेक्शन के निराकरण के लिए यह राशि ले रहा था। उसने फरियादी से 50000 रुपए की मांग की थी।

क्या है पूरा मामला

नागदा के बिरलाग्राम निवासी बृजेश विश्वकर्मा ने शिकायत की थी कि उनकी मां के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन अवैध रूप से किसी और को दे दिया गया, जबकि उन्हें खुद इसकी जरूरत थी। पीड़ित ने कलेक्ट्रेट में आयोजित एक जन सुनवाई में इस बारे में शिकायत दर्ज कराई। खाद्य विभाग ने मामले की जांच कर रिपोर्ट ADM कार्यालय को सौंप दी थी, लेकिन बाबू रोहित गोठवाल इस मामले में उचित कार्रवाई करने और फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर आवेदक ने 29 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

ट्रैप दल का गठन किया

शिकायत की पुष्टि करने के बाद उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने 5 नवंबर, 2026 को जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी क्लर्क ने 20,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। गौरतलब है कि आरोपी क्लर्क ने 20,000 रुपये की रिश्वत अपने हाथों में नहीं ली, बल्कि उसे एक दराज में छिपा दिया। हालांकि, लोकायुक्त पुलिस की सतर्कता के कारण भ्रष्ट क्लर्क भागने में असफल रहा।

उज्जवला कनेक्शन की शिकायत को लेकर रिश्वत की मांग

लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने बताया कि 29 अक्टूबर को शिकायतकर्ता बृजेश विश्वकर्मा ने लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी कि उनकी मां के नाम पर एक उज्ज्वला गैस कनेक्शन जारी किया गया है, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं थी, और जिसके माध्यम से 14 सिलेंडर वितरित किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी और जांच रिपोर्ट उज्जैन स्थित एडीएम कार्यालय में निर्णय के लिए भेजी गई थी। जब शिकायतकर्ता ने बाबू रोहित गोठवाल से संपर्क किया, तो उसने 50,000 रुपये की मांग की। बाबू को आज 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। (एजेंसी)

About The Author

SKY TMT