Thu. Oct 29th, 2026

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा स्पीकर का बड़ा फैसला, 6 विधायकों की सदस्यता निरस्त

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच विधानसभा के स्पीकर ने क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के सभी 6 विधायकों की सदस्यता निरस्त कर दी है।

शिमला.हिमाचल प्रदेश के छ: विधायकों पर बड़ी कार्रवाई हुयी है। विधानसभा से इन सभी छह विधायकों की सदस्यता निरस्त कर दी गई। हिमाचल विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीस पेज का एक डिटेल ऑर्डर जारी किया गया है। मुझे एंटी डिफेक्शन लॉ के 10 शेड्यूल के तहत बतौर ट्रिब्युल के जज तौर पर यह फैसला मैंने सुनाया है। जिन विधायकों को अयोग्य करार दिया गया है, उनमें राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, देवेंद्र सिंह, सुधीर शर्मा, चैतन्य शर्मा और इंदर दत्त लखनपाल शामिल हैं। कांग्रेस विधायक और संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने दलबदल विरोधी कानून के तहत सभी 6 विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए याचिका दायर की थी। माना जा रहा है कि बागी विधायक अब हाईकोर्ट जा सकते हैं।

स्पीकर के सामने पेश हुए थे सभी विधायक
पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले कांग्रेस के छह विधायक कारण बताओ नोटिस के जवाब में बुधवार को अपने वकील के साथ विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष पेश हुए और तर्क दिया कि संबंधित सभी दस्तावेज उन्हें मुहैया नहीं कराए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष छह कांग्रेस विधायकों का पक्ष रख रहे वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यपाल जैन ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किलों को केवल नोटिस और मंगलवार शाम को दाखिल याचिका की प्रति दी गई है जबकि अन्य संलग्नक नहीं मुहैया कराये गये।

विक्रमादित्य सिंह ने दी प्रतिक्रिया
विधायकों की सदस्यता रद्द किए जाने पर हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभी मेरा इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं है। हमारे पर्यवेक्षक यहां आए हैं, उन्होंने परिस्थिति को देखा है और फिर स्पीकर ने फैसला लिया है, इसलिए मेरा इसपर कुछ कहना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री हमारे बड़े भाई हैं और कोई दरार नहीं है। ऑब्जर्वर से मिलकर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का मान-सम्मान करते हैं, हम जाएंगे और बात करेंगे।

About The Author

SKY TMT