Cyclone Arnab ने बिगाड़ा छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश और तेज हवाएं, जानें आज का अलर्ट
Cyclone Arnab का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश ने सामान्य जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने के कारण प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को अचानक ठंड का अहसास होने लगा है।
रायपुर और बस्तर में बारिश का ज्यादा असर
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे ज्यादा प्रभाव राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग में देखा जा रहा है। बस्तर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, तो वहीं रायपुर में सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर रात तक रुक-रुक कर जारी रहा। दिनभर सूरज न निकलने और बारिश की वजह से राजधानी के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट आई है, जिससे माहौल में अचानक ठंडक घुल गई है।
गिरते पारे के बीच प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम होकर 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री कम रहकर 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जगदलपुर में पारा सबसे ज्यादा गिरकर 24.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.5 डिग्री कम) दर्ज हुआ। पेंड्रा रोड में 26.0 डिग्री और बिलासपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आगामी समय में भी कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है।

