पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा, कराची से पेशावर जा रही ट्रेन पटरी से उतरी, 5 की मौत और 30 घायल
लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से बड़ी खबर आ रही है, जहां मंगलवार को एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि खबरों के मुताबिक 30 अन्य लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई जब ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी। मुल्तान में शेर शाह ब्रिज के पास रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई।
13 कोच कराए गए खाली
पुलिस और बचाव अधिकारियों के हवाले से जियो न्यूज़ ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तर अस्पताल ले जाया गया, जबकि बचाव दल दुर्घटना स्थल पर अपना काम करते रहे। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने बताया कि 13 कोच खाली करा लिए गए थे, जबकि एक कोच में बचाव अभियान अभी भी जारी था।
नट-बोल्ट की हुई थी मरम्मत
एक यात्री ने पत्रकारों को बताया कि हादसे से पहले, कर्मचारियों ने रोहरी के पास कोच नंबर नौ के नट-बोल्ट ठीक किए थे। जियो की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि बताई गई मरम्मत का पटरी से उतरने की घटना से कोई संबंध था या नहीं। इस बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में घायल यात्रियों के लिए चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव कार्यों में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले।
आधिकारिक बयान होगा जारी
इस बीच, ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। उम्मीद है कि जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ेगा, पाकिस्तान रेलवे और संबंधित अधिकारी और जानकारी देंगे। पाकिस्तान के जर्जर रेलवे सिस्टम में दुर्घटनाएं आम बात हैं। अगस्त 2023 में सिंध के नवाबशाह के पास हजारा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे, जिससे रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ गई थीं। (एजेंसी)

