Thu. Jun 25th, 2026

इबोला वायरस अलर्ट के बीच केंद्र सरकार का बड़ा कदम, लॉन्च हुआ एयर सुविधा 2.0 पोर्टल

Air Suvidha 2.0 Portal Launch: अफ्रीका के कुछ हिस्सों में फैल रहे इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए, भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी बढ़ा दी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने मिलकर ‘एयर सुविधा 2.0’ (Air Suvidha 2.0) पोर्टल लॉन्च किया है। इस कॉन्टैक्टलेस डिजिटल पोर्टल का मुख्य मकसद यात्रियों की तेजी से स्क्रीनिंग करना और इबोला से जुड़े किसी भी जोखिम की समय पर पहचान सुनिश्चित करना है।

इमिग्रेशन से पहले ऑनलाइन फॉर्म भरना जरूरी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत ‘डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज’ (DGHS) के साथ मिलकर बनाया गया यह नया पोर्टल पूरी तरह से पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस है। इस सिस्टम के तहत विदेश से भारत आने वाले सभी यात्रियों के लिए इमिग्रेशन क्लीयरेंस से पहले ऑनलाइन ‘हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन’ फॉर्म भरना जरूरी है। इस फॉर्म में यात्रियों को पिछले 21 दिनों की अपनी यात्रा की जानकारी किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने की जानकारी और बीमारी के संभावित लक्षणों के बारे में जानकारी देनी होगी। एक अच्छी बात यह है कि भारत पहुंचने पर यात्रियों को एयरपोर्ट पर कोई भी कागजी फॉर्म नहीं भरना होगा। जिससे आने-जाने की पूरी प्रक्रिया काफी आसान और सुरक्षित हो जाएगी।

फ्लाइट बोर्डिंग से 24 घंटे पहले भर सकेंगे फॉर्म

भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले तक इस ‘एयर सुविधा’ फॉर्म को ऑनलाइन भरा जा सकता है। सरकार ने यात्रियों से कहा है कि वे फ्लाइट में सवार होने से पहले या वेब चेक-इन के दौरान ही यह फॉर्म भर लें। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद, उन्हें बस डाउनलोड किया हुआ फॉर्म ‘इंटरनेशनल ट्रैवल हेल्थ डेस्क’ या इमिग्रेशन काउंटर पर दिखाना होगा।

यह पोर्टल रियल-टाइम डेटा-शेयरिंग टेक्नोलॉजी पर काम करता है। इसका मतलब है कि यात्रियों द्वारा सबमिट किया गया डेटा तुरंत एयरपोर्ट हेल्थ ऑफिसर, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, IDSP और राज्य के निगरानी अधिकारियों तक पहुंच जाएगा। इससे जोखिम वाले यात्रियों की तुरंत पहचान और उन्हें आगे रेफर करने में आसानी होगी, जबकि दूसरे यात्रियों की यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगी।

डब्ल्यूएचओ की आपातकालीन चेतावनी के बाद सरकार का फैसला

17 मई को, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में इबोला (बुंडिबुग्यो वायरस बीमारी) के प्रकोप को ‘अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल’ घोषित किया। फिलहाल, इस खतरनाक वायरस के कांगो और युगांडा के साथ-साथ दक्षिण सूडान जैसे पड़ोसी देशों में फैलने का बहुत ज्यादा खतरा है। इस गंभीर खतरे को देखते हुए, भारत ने देश में प्रवेश के स्थानों पर अपनी स्क्रीनिंग और निगरानी व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए समय रहते ‘एयर सुविधा 2.0’ लागू किया है।(एजेंसी)

 

About The Author