Sat. Jul 4th, 2026

भारत का बड़ा एक्शन! पाकिस्तान में छिपे 23 आतंकियों को किया आतंकवादी घोषित

नई दिल्ली: आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सिर्फ बॉर्डर पर बंदूकें तानकर नहीं जीती जा सकती। यह उन लोगों की पहचान करने से भी मजबूत होती है जो बॉर्डर के उस पार से पूरा नेटवर्क चलाते हैं। इस दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, भारत सरकार ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (PoK) में सक्रिय 23 आतंकवादियों को ‘गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम’ (UAPA) की चौथी अनुसूची के तहत ‘व्यक्तिगत आतंकवादी’ घोषित किया है।ये वे चेहरे हैं जो खुद भले भारत की धरती पर नजर नहीं आते, लेकिन इनके इशारों पर घुसपैठ, हथियारों की तस्करी, ड्रोन के जरिए विस्फोटक भेजने, युवाओं की भर्ती कराने और आतंकी हमलों की साजिश रचने जैसे काम लंबे समय से चल रहे थे. सरकार का यह फैसला केवल नाम जोड़ने की औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि आतंक के पूरे इकोसिस्टम की पहचान तय करने वाला संदेश भी माना जा रहा है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, लिस्ट में शामिल सभी 23 लोग जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा, जमात-उद-दावा, द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF), अल-कायदा और ISIS से जुड़े नेटवर्क के जरिए भारत-विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इन पर आतंकियों को ट्रेनिंग देने, लॉन्चिंग पैड चलाने, फंडिंग जुटाने, हथियार उपलब्ध कराने, ड्रोन के जरिए हथियार भेजने और जम्मू-कश्मीर सहित भारत के विभिन्न हिस्सों में आतंकी साजिशों को अंजाम देने का आरोप है। सरकार का कहना है कि इन गतिविधियों के पर्याप्त इनपुट और जांच के आधार पर इन्हें UAPA के तहत व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया गया है।

मसूद इलियास कश्मीरी उर्फ मुफ्ती मसूद इलियास

गृह मंत्रालय की ओर से 4 जुलाई को जारी एक गजट नोटिफिकेशन में मसूद इलियास कश्मीरी, जिसे मुफ्ती मसूद इलियास के नाम से भी जाना जाता है, को आतंकवादी घोषित किया गया है। 41 साल का इलियास जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा है। नोटिफिकेशन के मुताबिक, वह अभी रावलकोट में रह रहा है। इलियास आतंकवादियों की भर्ती करने और उन्हें हथियार व गोला-बारूद सप्लाई करने में शामिल रहा है।

1.मसूद इलियास कश्मीरी उर्फ मुफ्ती मसूद इलियासः जैश-ए-मोहम्मद से लिंक।अभी रावलकोट में रहता है।
2.मोहम्मद मुसादिक उर्फ डॉक्टर उर्फ अब्दुल मननः जैश का मुख्य संचालक, 2022 में जम्मू में सुरक्षा बलों पर हमले का आरोपी
3.मुफ्ती मोहम्मद असगर खान उर्फ अबू सादः जैश का लॉन्चिंग कमांडर, 2016 में नगरोटा स्थित भारतीय सेना के कैंप पर हमले का आरोपी
4.हाफिज अब्दुल शकूर उर्फ कारी जर्रारः जैश का लॉन्चिंग कमांडर, नगरोटा 2016 हमले में शामिल आरोपी
5.अब्दुल्ला जेहादी उर्फ शाहनवाजः जैश के आंतकियों को साथ देने वाला, आतंकी कैंप चलाने और नगरोटा हमले में भी शामिल होने का आरोप
6.फिरदौस अहमद भट: लश्कर का लॉन्चिंग कमांडर, कई आतंकी हमलों में शामिल रहा।
7.गुलाम फरीद उर्फ गुलशनः जैश से लिंक, आतंकियों को हथियार और गोला-बारूद देने में शामिल
8.हारून राशिद गनाई उर्फ शुनूः लश्कर ए तैयबा का लिंक, आतंकी काडरों की भर्ती में शामिल
9 बिलाल अहमद मीर, उर्फ अहमद भाईः लश्कर ए तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट से लिंक
10 आबिद कयूम लोन: लश्कर ए तैयबा से लिंक, आतंकी लॉजिस्टिक्स मुहैया कराने में शामिल रहा।
11.नजीर अहमद गुज्जर उर्फ मुनाजिल: लश्कर ए तैयबा से लिंक, ड्रोन से हथियार भारत भेजने का आरोप
12.अब्दुल रऊफ उर्फ हाफिर अब्दुल, लश्कर और जमात-उद-दावा से लिंक, हाफिज सईद से सीधा कमांड लेकर आतंकियों की भर्ती करता है।
13.अशफाक अहमद, जैश से लिंक, अभी बहावलपुर में रह रहा है।आतंकी विचारधारा को बढ़ावा देने में शामिल है।
14.हाफिज खालिद वालीद उर्फ हाफिज खालिद नाइक, लश्कर और जमात उद दावा से लिंक, अभी लाहौर में रहता है।
15.मौलाना इमदाद उल्लाह मक्की उर्फ मौलाना इणदाद, अभी बहावलपुर में रह रहा है। जैश से संबंध
16.मौलाना सैफुल्लाह खालिद उर्फ वलियुल, लश्कर से लिंक, अभी लाहौर में रहता है। जमात उद दावा के कई गुटों में भी सक्रिय है।
17.मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा, लश्कर ए तैयबा से लिंक, अभी बहावलपुर में रहता है।
18.मौलाना यूसुफ ताईबी उर्फ मोहम्मद यूसुफ, लश्कर और जमात से संबंध, फैसलाबाद पाकिस्तान में रहता है।
19.ओवैस फारूज उर्फ ओवैस अहमद मीर, पुलवामा का रहने वाला अभी पाकिस्तान में रह रहा, लश्कर से लिंक।
20.कारी याकूब शेख उर्फ कारी मोहम्मद याकूब शेख, लश्कर से लिंक, अभी लाहौल में रहता है।
21.राणा इफ्तिखार उर्फ राणा वलीद, लश्कर से लिंक अभी गुजरांवाला पंजाब पाकिस्तान में रहता है। हाफिज सईद का करीबी है।
22.वसीम नूर जाट उर्फ कारी वसीम, जैश एक मोहम्मद से लिंक, ड्रोन से भारत में हथियार भेजने का आरोपी
23.मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद, बंगलोर का रहने वाला, अभी पाकिस्तान के रावलपिंडी में रहता है। लश्कर, अलकायदा और आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़ा है। (एजेंसी)

About The Author