Japan Earthquake: तेज भूकंप से दहला जापान, सुनामी की चेतावनी के बाद कई प्रांतों में हाई अलर्ट
टोक्यो। जापान में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद पूरे दक्षिणी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, कुमामोटो प्रांत में रिक्टर स्केल पर 7.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। झटके महसूस होते ही एजेंसी ने संभावित सुनामी को लेकर चेतावनी जारी कर दी।
तटीय इलाकों के लिए विशेष चेतावनी
भूकंप के बाद समुद्र में लगभग एक मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनज़र समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
read more : अब डिजिटल अरेस्ट करने वालों को जमानत नहीं आसान, सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी
सरकार ने कई प्रांतों में जारी किया इमरजेंसी अलर्ट
आपदा की आशंका को देखते हुए जापान सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कई हिस्सों में इमरजेंसी अलर्ट लागू कर दिया है। कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाज़ाकी प्रांतों में प्रशासन और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
निगरानी जारी, नुकसान की जानकारी का इंतजार
प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव दल संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जबकि लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

