Smartphone Mini Computer: अब नहीं पड़ेगी महंगे लैपटॉप की जरूरत! केवल 3 सस्ती एक्सेसरीज की मदद से स्मार्टफोन को बनाएं ‘मिनी कंप्यूटर’
Smartphone Mini Computer: आजकल के आधुनिक स्मार्टफोन्स अपनी दमदार प्रोसेसिंग पावर और बड़ी डिस्प्ले के कारण काफी ताकतवर हो चुके हैं। अगर आपका काम वेब ब्राउजिंग, जूम मीटिंग अटेंड करना या बेसिक डॉक्यूमेंट्स तैयार करने तक ही सीमित है, तो आपको महंगे लैपटॉप पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। आप कुछ बेहद सस्ती एक्सेसरीज का इस्तेमाल करके अपने फोन को ही एक पोर्टेबल ‘मिनी-कंप्यूटर’ (Mini Computer) में बदल सकते हैं।
1. फोन स्टैंड (Phone Stand) से मिलेगा परफेक्ट व्यूिंग एंगल:
फोन को टेबल पर सपाट रखकर काम करने से गर्दन दर्द की समस्या हो सकती है। इसे लैपटॉप स्क्रीन जैसा लुक देने के लिए एक अच्छा मैग्नेटिक फोन स्टैंड ले सकते हैं। इसे आप 180 से 360 डिग्री तक एडजस्ट करके फोन को हॉरिजॉन्टल या वर्टिकल पोजीशन में सेट कर सकते हैं। एंड्रॉयड यूजर्स अपने नॉर्मल बैक कवर पर एक छोटी और सस्ती मेटल रिंग (Magnetic Ring) चिपकाकर इसे मैग्नेटिक स्टैंड के साथ आसानी से अटैच कर सकते हैं।
2. कीबोर्ड और माउस (Keyboard & Mouse) से बढ़ेगी टाइपिंग स्पीड:
फोन के टचस्क्रीन और वर्चुअल कीपैड के बजाय एक्सटर्नल कीबोर्ड और माउस लगाने से काम करने की रफ्तार काफी बढ़ जाती है। जैसे ही आप माउस को फोन से कनेक्ट करेंगे, स्क्रीन पर कंप्यूटर की तरह कर्सर दिखने लगेगा। अगर आपके पास पहले से ही यूएसबी (USB-A) वाला वायर्ड कीबोर्ड या माउस है, तो आप एक सस्ते USB-A to USB-C एडाप्टर की मदद से उसे सीधे अपने स्मार्टफोन के चार्जिंग पोर्ट से जोड़ सकते हैं।
3. USB-C हब (USB-C Hub) से मिलेंगे कई पोर्ट्स:
लैपटॉप की तरह फोन में एक साथ पेनड्राइव, कीबोर्ड, माउस या अन्य डिवाइस जोड़ने के लिए आप एक USB-C Multi-port Hub का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे फोन के चार्जिंग पोर्ट में लगाते ही आपको कई पोर्ट्स मिल जाते हैं, जिससे ऑनलाइन मीटिंग्स और प्रेजेंटेशन्स के दौरान फोन को किसी भी एक्सटर्नल डिस्प्ले या मॉनिटर से जोड़ना बेहद आसान हो जाता है।
इन साधारण और बजट-फ्रेंडली गैजेट्स को मिलाकर आप कहीं भी, कभी भी अपना खुद का पोर्टेबल वर्कस्टेशन तैयार कर सकते हैं।

