जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला: लाल चौक पर हेड कांस्टेबल को मारी गोली, इलाज के दौरान शहीद
अनंतनाग के लाल चौक इलाके में गश्त के दौरान आतंकियों ने पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल जवान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Jammu-Kashmir Lal Chowk Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। दक्षिण कश्मीर के लाल चौक इलाके में आतंकियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यह हमला अनंतनाग के लाल चौक स्थित कोकेरनाग रोड पर उस समय हुआ, जब पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी को गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल पुलिसकर्मी की जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की उम्र 35 वर्ष थी। वह जम्मू-कश्मीर पुलिस की आईआर तीसरी बटालियन में तैनात थे और बडगाम जिले के बीरू गांव के निवासी थे।
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय सेना के अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। पूरे लाल चौक और आसपास के क्षेत्रों को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हेड कांस्टेबल की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है तथा जल्द ही उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

