Sat. May 23rd, 2026

लेह में सेना का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, हादसे में बाल-बाल बचे 3 अधिकारी

 लेह इलाके में भारतीय सेना का चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और मेजर जनरल सचिन मेहता घायल हुए हैं, जबकि सभी अधिकारी चमत्कारिक रूप से बच गए।

 

भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर लेह इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में भारतीय सेना के तीन अधिकारी बाल-बाल बच गए। हालांकि हेलीकॉप्टर चला रहे लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर रैंक के अधिकारी घायल हो गए हैं। उनके साथ मौजूद 3 इन्फैंट्री डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ऑफिसर मेजर जनरल सचिन मेहता भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

 

हादसे के बाद जवानों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में जवान पहाड़ी इलाके में बैठे नजर आ रहे हैं और विक्ट्री साइन दिखा रहे हैं। पास में दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा भी दिखाई दे रहा है।

 

फोटो में साफ नजर आ रहा है कि हादसा बेहद खतरनाक इलाके में हुआ। तीनों अधिकारी जमीन पर सुरक्षित बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब सभी जवान जमीन पर थे, तब मेजर जनरल सचिन मेहता ने अपने मोबाइल से एक सेल्फी ली। इसी दौरान दूर खड़े एक जवान ने विक्ट्री साइन दिखाया। यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

फिलहाल भारतीय सेना ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

 

गौरतलब है कि चीता हेलीकॉप्टर भारतीय सेना में 1970 के दशक से सेवा दे रहे हैं। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल 1984 में सियाचिन ग्लेशियर में चलाए गए ‘ऑपरेशन मेघदूत’ के दौरान भी किया गया था। हाल के वर्षों में चीता हेलीकॉप्टर कई दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं।

 

सेना अब चरणबद्ध तरीके से इन पुराने हेलीकॉप्टरों को सेवा से हटाने की प्रक्रिया में जुटी है। उनकी जगह आधुनिक यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों को शामिल किया जा रहा है। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में अभी कई साल लग सकते हैं।

About The Author