Gwalior Accident: ग्वालियर में ट्रक की चपेट में आने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों का फूटा गुस्सा
Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए एक भयानक सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत और 25 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। रविवार (18 अक्टूबर) की सुबह पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अपनों के शव लेने पहुंचे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला प्रशासन तथा पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
इलाज और सूचना में देरी का आरोप
मृतकों के परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद उन्हें अंधेरे में रखा गया। एक मृतक गौरव की मां किरण ने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस उन्हें लगातार यह भरोसा दिलाती रही कि उनके बच्चे का इलाज चल रहा है, जबकि हकीकत में उसकी मौत हो चुकी थी। एक अन्य परिजन ने सवाल उठाया, “अगर हादसा रात 2 बजे हुआ था, तो घायलों को 4 बजे अस्पताल क्यों लाया गया? समय पर इलाज मिलता तो शायद हमारे बच्चों की जान बच जाती।”
“बेटी को अपनों को खोजने तक नहीं दिया”
इस हादसे में अपने बेटे दिव्यांश को खोने वाली मां ने रोते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी जब परिवार के अन्य सदस्यों को ढूंढने गई, तो पुलिस ने उसे रोक दिया और मदद करने से इंकार कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें उनके बच्चों के शवों का चेहरा तक नहीं देखने दिया गया, जिससे उनका गुस्सा और अधिक भड़क गया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी परिजनों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

