Sat. Oct 31st, 2026

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गोल्ड स्मगलिंग का भंडाफोड़, इंडिगो विमान के टॉयलेट से बरामद हुए सोने के बिस्कुट

दुबई से आई फ्लाइट में डीआरआई की छापेमारी, स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखा गया था 24 कैरेट विदेशी सोना

 

अहमदाबाद। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडिगो के एक विमान से विदेशी मूल का सोना बरामद किया है। यह सोना विमान के टॉयलेट में छिपाकर रखा गया था। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोना किसके जरिए भारत लाया गया था।

 

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1478 गुरुवार को दुबई से अहमदाबाद पहुंची थी। डीआरआई को पहले से ही गोल्ड स्मगलिंग से जुड़ी खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद विमान के पहुंचते ही जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से विमान के टॉयलेट की बारीकी से तलाशी ली, क्योंकि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

 

जांच के दौरान टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स का वजन सामान्य से अधिक महसूस हुआ। जब अधिकारियों ने स्पीकर बॉक्स को खोलकर देखा तो उसके अंदर ब्लैक टेप से लिपटे दो पाउच मिले। इन पाउचों में 999.0 शुद्धता यानी 24 कैरेट के 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट बरामद हुए।

 

बरामद सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम बताया गया है। डीआरआई ने सोने को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किसने और किस उद्देश्य से विमान में छिपाया था।

 

About The Author

SKY TMT