Mon. Oct 19th, 2026

झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम को ED ने भेजा समन, छापेमारी में जब्त हुए थे 37 करोड़ रुपये

ED ने झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को पूछताछ के लिए झारखंड जोनल ऑफिस रांची में बुलाया है।

रांचीः प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को कांग्रेस विधायक और झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम को समन जारी किया है। ईडी ने रांची स्थित ऑफिस में उन्हें 14 मई को पूछताछ के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि आलमगीर आलम के निजी सचिव के आवास परिसर से करोड़ों रुपये की बरामदगी के मामले में मंत्री को तलब किया गया है। आलमगीर आलम के पीए संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम के ठिकानों से 35 करोड रुपए मिले थे। संजीव लाल और जहांगीर आलम को ईडी ने गिरफ्तार किया था।

पीए संजीव के घरेलू नौकर के घर मिले थे 37 करोड़
बता दें कि ईडी ने 6 मई को आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू सहायक जहांगीर आलम के फ्लैट पर छापा मारा और 37 करोड़ रुपये से अधिक नकद रुपये बरामद किया। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह नकदी बरामदगी जांच एजेंसी द्वारा रांची में कई स्थानों पर मारी गई छापेमारी का हिस्सा थी। बेहिसाब नकदी को गिनने के लिए कई गिनती मशीनें लाई गईं थी। इसके अलावा, एजेंसी के अधिकारियों ने जहांगीर आलम के फ्लैट से कुछ आभूषण भी बरामद किए थे।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही है जांच
70 वर्षीय कांग्रेस नेता आलमगीर आलम झारखंड में ग्रामीण विकास मंत्री हैं और राज्य विधानसभा में पाकुड़ सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह छापेमारी झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र के राम के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही जांच के सिलसिले में थी, जिन्हें पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। यह विभाग में कुछ योजनाओं के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े