‘वादे कर कमरे में बुलाया और किया रेप’: डोनाल्ड ट्रंप पर पूर्व मिस स्विट्जरलैंड के सनसनीखेज आरोप
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर पुराने यौन अपराधों के आरोपों को लेकर विवादों में घिर गए हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ज्यूडिशियरी कमेटी में शामिल डेमोक्रेटिक सांसदों ने 53 पन्नों का एक नया दस्तावेज जारी कर ट्रंप पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। इस रिपोर्ट में पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल के बयानों को आधार बनाया गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि साल 1993 में अटलांटिक सिटी के एक होटल में ट्रंप ने उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। केउल के मुताबिक, उस वक्त उन्होंने डर के चलते इसे केवल बदसलूकी बताया था, लेकिन असल में वह क्रूर यौन हिंसा का शिकार हुई थीं।
प्लाजा होटल में पहचान और दाखिले का झांसा देने का आरोप
रिपोर्ट में दर्ज दावों के अनुसार, बीट्रिस केउल की मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से 24 वर्ष की उम्र में न्यूयॉर्क के मशहूर प्लाजा होटल में हुई थी, जिसके मालिक उस वक्त खुद ट्रंप थे। केउल का आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें अमेरिका में बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाते हुए वीजा दिलवाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला कराने का वादा किया था। मॉडल के अनुसार, इस घटनाक्रम के तुरंत बाद कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एप्स्टीन उनके संपर्क में आया और उन्हें पाम बीच स्थित ट्रंप के निजी रिसॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ में आयोजित एक पार्टी का आमंत्रण भेजा गया।
अटलांटिक सिटी के कमरे में बर्बरता और जबरदस्ती का दावा
दस्तावेजों में उल्लेख है कि इसके कुछ समय बाद ट्रंप के एक प्रतिनिधि के जरिए केउल को अटलांटिक सिटी स्थित ‘ट्रंप प्लाजा होटल’ के एक कमरे में बुलवाया गया। मॉडल का आरोप है कि कमरे में कदम रखते ही ट्रंप ने उनके साथ जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी और बलात्कार किया। केउल ने अपने बयानों में इसे अत्यंत भयानक और हिंसक अनुभव बताते हुए कहा कि इस हाथापाई में उनके कपड़े फट गए थे और उनके पूरे शरीर पर गंभीर चोटों व खरोंचों के गहरे निशान पड़ गए थे।
पांच महिलाओं के आरोपों का हवाला, विशेष जांच की मांग
हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के सीनियर डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने अमेरिकी न्याय विभाग पर राष्ट्रपति को बचाने और तथ्यों को दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। रस्किन ने कहा कि कम से कम पांच महिलाओं ने सीधे तौर पर ट्रंप पर एप्स्टीन के साथ या उसकी मौजूदगी में दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। इस पृष्ठभूमि में डेमोक्रेट्स ने अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच से मांग की है कि ट्रंप और एप्स्टीन के ऐतिहासिक संबंधों और इन आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेष जांच अधिकारी की नियुक्ति की जाए।
राजनीतिक षड्यंत्र बताकर व्हाइट हाउस ने खारिज किए आरोप
व्हाइट हाउस ने डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा जारी इस रिपोर्ट को एक सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। व्हाइट हाउस के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि यह 53 पन्नों की रिपोर्ट सिर्फ और सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप की प्रशासनिक उपलब्धियों और रिपब्लिकन पार्टी की जनस्वीकार्यता से जनता का ध्यान भटकाने का हथकंडा है। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप भी लगातार यह दोहराते रहे हैं कि एप्स्टीन के किसी भी आपराधिक कृत्य के सामने आने से बहुत पहले ही उन्होंने उससे अपनी मित्रता और सभी संबंध पूरी तरह समाप्त कर लिए थे।

