Wed. Jun 17th, 2026

CJI सूर्यकांत ने किसे कह परजीवी? बोले जेल में रहना ही समाज के हित में

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने साइबर फ्रॉड के आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों के प्रति सख्त रवैया अपनाना जरूरी है।

 

सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने साइबर फ्रॉड के एक आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए कड़ी टिप्पणी की। सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी परजीवी हैं, जो लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करते हैं और समाज के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों का जेल की सलाखों के पीछे रहना ही समाज के हित में है।

 

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि साइबर अपराधी देशभर के लोगों को निशाना बनाते हैं और उनकी ठगी से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती बरतना बेहद जरूरी है।

 

सुनवाई के दौरान CJI ने कहा, “तुम लोग परजीवी हो, जो निवेशकों से करोड़ों रुपये ठग लेते हो। साइबर अपराधियों के प्रति हमें बेहद सख्त होना होगा। तुम्हारे शिकार पूरे देश में फैले होते हैं।”

 

उन्होंने आगे कहा कि साइबर अपराधी किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहते। एक राज्य में धोखाधड़ी करने के बाद वे दूसरे राज्य में जाकर लोगों को निशाना बनाते हैं। ऐसे लोगों का जेल में रहना ही समाज के लिए बेहतर है।

 

गौरतलब है कि इससे पहले भी जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी चर्चा में रही थी, जब उन्होंने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। उस बयान को लेकर देशभर में काफी विवाद और आलोचना देखने को मिली थी। हालांकि, इस बार साइबर अपराधियों को लेकर की गई उनकी टिप्पणी को सोशल मीडिया पर कई लोग समर्थन देते नजर आ रहे हैं।

 

About The Author