Sun. Oct 25th, 2026

Chhattisgarh Hockey League: रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रोमांच अपने चरम पर, चौथे दिन राजधानी रॉयल्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मुकाबला

Chhattisgarh Hockey League: छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति और हॉकी को नई ऊंचाइयां देने के मकसद से पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का रोमांच अब अपने परवान पर है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 1 नवंबर तक चलेगी। लीग के चौथे दिन आज दो रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें पहला मैच राजधानी रॉयल्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच तथा दूसरा मुकाबला न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच होगा। फिलहाल पॉइंट्स टेबल में चक्रधर चैंपियंस की टीम नंबर 1 पर काबिज है।

वैश्विक स्तर पर मिल रही है पहचान

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इस लीग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार (JioCinema/Hotstar OTT) प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है, जिससे देश-दुनिया के दर्शक घर बैठे इसका लुत्फ उठा रहे हैं। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह इस लीग के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।

दिग्गजों की मौजूदगी और आगे का शेड्यूल

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल मंत्री अरुण साव मौजूद रहे थे। लीग में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह और ललित उपाध्याय जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अपनी टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं।

लीग के आगामी शेड्यूल के तहत 29 अक्टूबर तक रोजाना दो मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 30 अक्टूबर को विश्राम दिवस रहेगा और 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। अंत में, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को इस रोमांचक टूर्नामेंट का महामुकाबला (फाइनल) खेला जाएगा।

About The Author

इन्हें भी पढ़े