छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग आज से शुरू, बॉलीवुड अभिनेत्री मोनी रॉय देंगी प्रस्तुति, दर्शकों के लिए एंट्री फ्री
CCPL 2026: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) का तीसरा सीजन 3 जून से राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में राज्य की छह टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले दर्शकों के लिए नि:शुल्क होंगे। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाडि़यों को एक्सपोजर देने के लिए आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर टी-20 लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण की शुरुआत बुधवार को होगी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस टूर्नामेंट में उद्घाटन मैच बुधवार को मेजबान रायपुर रायनोंज और राजनांदगावं पैंथर्स के बीच रात 9 बजे से खेला जाएगा।
इन टीमों के बीच मुकाबला
टूर्नामेंट में रायपुर राइनोज, बिलासपुर बुल्स, राजनांदगांव पैंथर्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बाइसन और रायगढ़ लायंस की टीमें मैदान में उतरेंगी। लीग मुकाबले 3 से 10 जून तक खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल 12 जून और फाइनल मुकाबला 14 जून को होगा।
रायपुर रायनोज: कप्तान- अमनदीप खरे
बिलासपुर बुल्स: कप्तान- आयुष पांडे
रायगढ़ लायंस: कप्तान-ऋषभ तिवारी
राजनांदगांव पैंथर्स: कप्तान- अजय मंडल
सरगुजा टाइगर्स: कप्तान- आशुतोष सिंह
बस्तर बाइसंस: कप्तान- अनुज तिवारी
मोनी रॉय विशेष प्रस्तुति देंगी
उद्घाटन मैच 3 जून को रात 9 बजे रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले शाम 7:30 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री मोनी रॉय विशेष प्रस्तुति देंगी।
मैच का होगा सीधा प्रसारण
सीसीपीएल-3 का सीधा प्रसारण सोनी टेन-3 चैनल पर किया जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगी। आयोजन समिति ने दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की भी घोषणा की है। उद्घाटन दिवस और फाइनल मैच में दर्शक टिकट के पीछे दिए गए कूपन के जरिए दोपहिया वाहन समेत कई नकद पुरस्कार जीत सकेंगे।
टिकट फ्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी
आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए सभी टिकट मुफ्त रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के जरिए की जाएगी। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट लिया जा सकेगा। टिकट के पीछे दिए गए लकी ड्रॉ कूपन से दर्शकों को कई इनाम जीतने का मौका मिलेगा। टिकट के काउंटर पार्ट को संभालकर रखना होगा। हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में कूपन निकाले जाएंगे और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।(एजेंसी)

