DA Hike Order: कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी! 60% महंगाई भत्ता का ऐलान, एरियर का भी आदेश जारी
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
7th Pay Commission CG DA Hike Order : छत्तीसगढ़ के बिजली कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को अब 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा।
कंपनी द्वारा जारी आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। इसके चलते कर्मचारियों को जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर भी दिया जाएगा। एरियर राशि का भुगतान मई से अगस्त 2026 के बीच चार समान किस्तों में किया जाएगा।
मई महीने के वेतन से कर्मचारियों को नई दर के अनुसार भुगतान शुरू हो जाएगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी नियमानुसार एरियर का लाभ दिया जाएगा।
राज्य सरकार के औपचारिक फैसले से पहले ही बिजली कंपनी द्वारा कर्मचारियों को यह लाभ दिए जाने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला आर्थिक राहत देने वाला साबित होगा।
केंद्र सरकार ने भी हाल ही में बढ़ाया था डीए
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 18 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद DA की दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई थी। इस फैसले से लगभग 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.27 लाख पेंशनभोगियों को फायदा मिला है।
8वें वेतन आयोग को लेकर बढ़ी उम्मीदें
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब देशभर में 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चाएं तेज हैं। केंद्र सरकार पहले ही आठवें वेतन आयोग के गठन की घोषणा कर चुकी है। माना जा रहा है कि आयोग अपनी सिफारिशें अगले 18 महीनों में सरकार को सौंप सकता है। संभावना जताई जा रही है कि नई सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू हो सकती हैं।

