पटना में प्रदर्शनकारियों का हंगामा, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर पुलिस से झड़प
पटना: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक विशाल प्रदर्शन शुरू हो गया। सीपीआई, एआईएसए, एआईएसएफ, किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने पटना के गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू हुए इस विशाल विरोध मार्च में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में अनियमितताओं, मतदान की चोरी, बाढ़ और सूखे तथा बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए लोक भवन और राजभवन को घेरने का लक्ष्य रखा। इस दौरान डाकबंगला चौराहे के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जोरदार झड़प हुई, जहां बैरिकेड्स तोड़कर भीड़ आगे बढ़ गई।
पटना में प्रदर्शनकारियों का उग्र प्रदर्शन
हजारों प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और उन पर लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करने और मतदाता सूची में हेरफेर करने का आरोप लगाया। जेपी गोलंबर से शुरू हुआ यह मार्च लोक भवन और राज भवन को घेरते हुए आगे बढ़ा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई।
प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी झड़प
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए डाकबंगला चौक के पास भारी बैरिकेड्स लगा दिए थे। हालांकि, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक झड़प और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार करके आगे बढ़ गए।
लॉ एंड ऑर्डर पर सरकार को घेरा
किसानों की समस्याएं- राज्य में बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित किसानों के हितों के लिए ठोस नीति बनाने की मांग।
रोजगार का मुद्दा – बिहार में बढ़ती बेरोजगारी और लगातार हो रहे पलायन का स्थायी निदान करने पर जोर।
महिला सुरक्षा- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर गिरती कानून-व्यवस्था और हालिया वायरल वीडियो पर सरकार की घेराबंदी।
पुतला दहन- मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का ऐलान।
बिहार कांग्रेस का भी मोर्चा
इसी बीच, पटना महानगर कांग्रेस कमेटी ने भी कथित “मत धांधली” और चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाकर विरोध जताया। (एजेंसी)

