Wed. May 13th, 2026

छत्तीसगढ़ में जनगणना शुरू: पूछे जा रहे 33 सवाल, ताला लगे घरों को भी जनगणना में किया जा रहा शामिल

जनगणना

छत्तीसगढ़ में जनगणना का पहला चरण 1 मई से शुरू हो चुका है। प्रदेशभर में प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकानों का सूचीकरण और परिवारों से जानकारी जुटाने का काम कर रहे हैं। इस दौरान लोगों से 33 अलग-अलग सवाल पूछे जा रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए अधिकांश प्रगणक सुबह के समय ही घरों में पहुंच रहे हैं ताकि लोगों से आसानी से जानकारी ली जा सके।

बंद मकान मिलने पर ऐसे दर्ज की जा रही जानकारी

जनगणना के दौरान यदि किसी घर पर ताला लगा मिलता है, तो उसे ऐप में “घर” के रूप में दर्ज किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में प्रगणक आसपास के लोगों या पड़ोसियों से जानकारी लेने की कोशिश करते हैं। जरूरत पड़ने पर वे बाद में दोबारा भी पहुंचते हैं और मकान मालिक का मोबाइल नंबर दर्ज करते हैं।

जनगणना निदेशालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि पूरे गणना अवधि के दौरान किसी मकान में कोई नहीं मिलता, तो उस मकान को “हाउस ऑफ यूज” कैटेगरी में “वैकेंट” और “लॉक्ड” श्रेणी में दर्ज किया जाएगा। हालांकि मकान की नंबरिंग और संरचना से जुड़ी जानकारी फिर भी रिकॉर्ड की जाएगी।

मोबाइल ऐप से बाद में होगा डेटा अपडेट

प्रगणकों को निर्देश दिए गए हैं कि ताला लगे घरों की अलग सूची तैयार की जाए। यदि बाद में मकान मालिक या निवासी उपलब्ध हो जाते हैं, तो मोबाइल ऐप के जरिए “डेटा अपडेट” विकल्प का उपयोग कर जानकारी अपडेट की जाएगी। इससे कोई भी घर जनगणना प्रक्रिया से बाहर नहीं रहेगा।

प्रदेशभर में 51 हजार से ज्यादा प्रगणक तैनात

राज्य में जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए 51,300 प्रगणक और करीब 9,000 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह पूरी प्रक्रिया 30 मई तक चलेगी। सभी जिलों को अलग-अलग ब्लॉकों में बांटकर डेटा संग्रहण किया जा रहा है।

अब तक प्रदेश में 3.50 लाख से ज्यादा घरों तक प्रगणक पहुंच चुके हैं। प्रतिदिन एकत्रित आंकड़ों को शाम तक ऑनलाइन सिस्टम में अपडेट किया जा रहा है।

रायपुर जिले में बनाए गए 3939 ब्लॉक

रायपुर जिले में भी जनगणना का काम तेजी से चल रहा है। 1 मई से शुरू हुए अभियान के पहले छह दिनों में प्रगणक 60 हजार 341 से अधिक घरों तक पहुंच चुके हैं। इन घरों में करीब 2 लाख 62 हजार से ज्यादा लोग निवासरत हैं।

जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 3939 ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें से 2438 ब्लॉकों में तेजी से काम चल रहा है, जबकि बाकी 1501 ब्लॉकों में भी प्रक्रिया प्रगति पर है।

About The Author