Fri. Jun 19th, 2026

PNB फ्रॉड केस में CBI का बड़ा एक्शन, कोलकाता में 8 ठिकानों पर छापेमारी, 191 करोड़ के घोटाले की जांच

पश्चिम बंगाल में तांतिया कंस्ट्रक्शन, ब्रह्म अलॉयज और अमृत फीड्स लिमिटेड से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में सीबीआई ने की कार्रवाई, कई अहम दस्तावेज जब्त।

 

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने कोलकाता में आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मेसर्स तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, मेसर्स ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड और मेसर्स अमृत फीड्स लिमिटेड से जुड़े मामलों में की गई।

 

तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड मामले में सीबीआई ने कंपनी के निदेशकों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला पंजाब नेशनल बैंक को करीब 73 करोड़ रुपये के नुकसान से जुड़ा है।

 

आरोप है कि कंपनी ने बैंक से प्राप्त कैश क्रेडिट और टर्म लोन सुविधाओं का दुरुपयोग किया। जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी ने ऋणदाताओं की अनुमति के बिना अपनी कुछ संपत्तियां बेच दीं। इसके अलावा बैंक से मिली धनराशि को सहायक और सहयोगी कंपनियों में लंबी अवधि की पूंजी आवश्यकताओं के लिए लगाया गया और अन्य खातों के जरिए बड़ी रकम ट्रांसफर की गई।

 

वहीं, ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड मामले में भी सीबीआई ने कंपनी के निदेशकों के आवासीय परिसरों पर छापेमारी की और कई अहम दस्तावेज जब्त किए। यह मामला पंजाब नेशनल बैंक को करीब 60 करोड़ रुपये के नुकसान से संबंधित है। आरोप है कि कंपनी ने कारोबार के लिए मिली बैंक राशि का दुरुपयोग किया और संबंधित कंपनियों के लाभ के लिए फंड डायवर्ट किया। साथ ही, ऋणदाताओं की अनुमति के बिना कुछ संपत्तियां भी बेच दी गईं।

 

सीबीआई के मुताबिक, तीनों मामलों में पंजाब नेशनल बैंक को हुए कथित नुकसान की कुल राशि करीब 191 करोड़ रुपये है। जांच एजेंसी ने जब्त दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच तेज कर दी है और पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।

 

About The Author