MP के 20 हजार रिटायर कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर! जानिए अचानक क्यों बदलने जा रही है इनकी पेंशन?
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार 30 जून को सेवानिवृत्त हुए अपने करीब 20 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर रही है। पदोन्नति की अंतिम सूची में नाम छूटने या प्रक्रिया में देरी के कारण पेंशन में आर्थिक नुकसान उठा रहे इन रिटायर कर्मचारियों को अब ‘प्रोफार्मा प्रमोशन’ का लाभ दिया जाएगा।
मंत्रालय स्तर पर इसको लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद सरकार ने आगामी विभागीय पदोन्नति समितियों के जरिए पात्र कर्मचारियों की सूची तैयार कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
जानिए क्या है ‘प्रोफार्मा पदोन्नति’ और कैसे बढ़ेगी पेंशन?
काल्पनिक वेतन निर्धारण: प्रोफार्मा प्रमोशन मिलने पर कर्मचारियों को पदोन्नत पद पर वास्तविक कार्यभार तो नहीं मिलेगा लेकिन उनके उच्च पद के आधार पर एक काल्पनिक वेतन तय किया जाएगा।
पेंशन में होगा इजाफा: इसी काल्पनिक वेतनमान को आधार बनाकर कर्मचारियों की पेंशन का नया निर्धारण किया जाएगा, जिससे उनकी मासिक पेंशन बढ़ जाएगी।
एरियर का नहीं मिलेगा लाभ: इस व्यवस्था से कर्मचारियों की बढ़ी हुई पेंशन तो शुरू होगी, लेकिन उन्हें पिछले समय का बकाया एरियर (Arrears) नहीं दिया जाएगा।
DPC के जरिए पूरी होगी प्रक्रिया
राज्य सरकार के निर्देशों के तहत वर्ष 2026-27 की विभागीय पदोन्नति समितियों (DPC) में 2024-25 की स्थिति और 2020-21 के रिक्त पदों को आधार बनाकर पात्रता तय की जाएगी। 35-36 साल की लंबी सेवा के बाद बिना प्रमोशन रिटायर हुए कर्मचारियों के लिए सरकार का यह कदम बड़ी राहत साबित होगा।

