Mon. Aug 10th, 2026

’25K फॉलोअर्स लाओ, वरना कुर्सी भूल जाओ!’ MP में BJP विधायक का फरमान, कार्यकर्ताओं को दिए सख्त टारगेट

शिवपुरी। मध्य प्रदेश की राजनीति में अब जमीनी पकड़ के साथ-साथ डिजिटल मौजूदगी का पैमाना भी भारी पड़ता दिख रहा है। शिवपुरी जिले की कोलारस सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेंद्र यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। भाजपा की एक आंतरिक बैठक के दौरान विधायक जी ने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और पद की पात्रता का नया फॉर्मूला सेट कर दिया है।
सोशल मीडिया पर ‘फॉलोअर्स’ गिन रहे विधायक जी
सामने आए वायरल वीडियो में विधायक महेंद्र यादव पार्टी पदाधिकारियों को सोशल मीडिया की ताकत समझाते हुए कड़े निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंडल स्तर पर काम कर रहे नेताओं के पास कम से कम 25 हजार सोशल मीडिया फॉलोअर्स होने ही चाहिए।
विधायक यहीं नहीं रुके, उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि “जिस मंडल अध्यक्ष के 25 हजार फॉलोअर्स नहीं हैं, वह उस पद के लायक ही नहीं है।”

बूथ से लेकर मंडल तक… जानिए किसको कितना मिला टारगेट
बैठक में विधायक ने अलग-अलग पदों के हिसाब से डिजिटल रीच का लक्ष्य तय किया है:
मंडल अध्यक्ष: न्यूनतम 25,000 फॉलोअर्स
शक्ति केंद्र प्रभारी: न्यूनतम 5,000 फॉलोअर्स
बूथ अध्यक्ष: न्यूनतम 1,000 फॉलोअर्स
इतना ही नहीं, विधायक ने यह भी चेताया कि भाजपा की अगली संगठन बैठक में बाकायदा इस बात का डिजिटल ऑडिट किया जाएगा कि किस नेता ने अपने फॉलोअर्स की गिनती बढ़ाई और कौन पीछे रह गया।

PM मोदी की डिजिटल रीच की दी मिसाल
अपने इस फरमान की वजह बताते हुए विधायक महेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का जिक्र किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब हमारे देश के प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया पर 100 मिलियन (10 करोड़) से ज्यादा फॉलोअर्स हो सकते हैं, तो फिर स्थानीय स्तर के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को पीछे क्यों रहना चाहिए?
पार्टी के अंदर और बाहर चर्चाएं तेज
इस वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या अब राजनीतिक दलों में सालों तक खून-पसीना बहाने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की जगह वही टिक पाएंगे, जिनके सोशल मीडिया पर ज्यादा लाइक्स और फॉलोअर्स होंगे?

About The Author