अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, राम मंदिर दर्शन की मांग को लेकर लगे नारे
अयोध्या में मंगलवार को कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर दर्शन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी। प्रदर्शन के दौरान “चंदा चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे भी लगाए गए, जिससे कुछ देर के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया।
अजय राय के नेतृत्व में राम मंदिर जाने की घोषणा
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में राम मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। उनका कहना था कि मंदिर में दर्शन करना हर श्रद्धालु का अधिकार है और इसी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं।
read more : सिंधु जल समझौते पर पाक मंत्री का विवादित बयान, भारत को दी गीदड़भभकी
NSUI ने रखा अपना पक्ष
एनएसयूआई उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि राम मंदिर में दर्शन की अनुमति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

