Wed. Jul 29th, 2026

10 घंटे की चर्चा के बाद एंटी पेपर लीक बिल पास, संसद में खूब हुआ हंगामा

एंटी पेपर लीक संशोधन बिल

लोकसभा में बुधवार को एंटी पेपर लीक संशोधन बिल 2026 को मंजूरी दे दी गई। विपक्ष के हंगामे और सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस के बीच लंबी चर्चा के बाद यह विधेयक ध्वनि मत से पारित हुआ। बिल पारित होने की घोषणा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की। इसके बाद सदन की कार्यवाही 30 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

राहुल गांधी के बयान पर संसद में गरमाया माहौल

एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर संसद में जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष के नेताओं ने उनके कुछ बयानों पर आपत्ति जताई, जबकि विपक्ष ने छात्रों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।बहस के दौरान कई बार दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष ने पेपर लीक मामलों पर सरकार से जवाब मांगा, वहीं सरकार ने बिल को परीक्षा सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया।

जितेंद्र सिंह ने विपक्ष पर लगाया राजनीति का आरोप

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में बिल पेश करते हुए विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण कानून पर रचनात्मक सुझाव देने के बजाय विपक्ष राजनीतिक मुद्दे उठा रहा है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह विधेयक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विपक्ष के नेता के बयान को लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि संसद में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

सरकार का दावा- पेपर लीक पर लगेगी रोक

सरकार के अनुसार, एंटी पेपर लीक संशोधन बिल का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं को रोकना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाना है। इस कानून के जरिए पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्ती बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

read more : “RSS चला रहा था शिक्षा मंत्रालय, ये एग्जाम नहीं, एक्सटॉर्शन सिस्टम है” राहुल गांधी के बयान से संसद में घमासान

विपक्ष ने उठाए छात्रों से जुड़े मुद्दे

वहीं विपक्ष का कहना है कि केवल कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पेपर लीक की घटनाओं के पीछे जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।संसद में हुई बहस के बाद अब एंटी पेपर लीक संशोधन बिल पारित हो चुका है और इसे परीक्षा सुधारों की दिशा में सरकार के अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

About The Author