अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, फैंस के लिए लिखा भावुक संदेश
Ajinkya Rahane Retirement from All Format: भारतीय क्रिकेट के सीनियर बल्लेबाज अजिंक्या रहाणे ने गुरुवार को तुरंत प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि उनके लिए आगे बढ़ने का यही सही समय है। 38 वर्षीय रहाणे ने 2013 में शुरू हुए अपने करियर में भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 मैच खेले हैं। हालांकि, उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 की विदेशी टेस्ट सीरीज के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है।
“आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करने का सही समय आ गया है,” रहाणे ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों से ओझल होने के बावजूद, रहाणे घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहे और 2024-25 सीज़न तक मुंबई टीम के कप्तान रहे।
रहाणे का भावुक विदाई संदेश
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘कैप नंबर 278 अब यहीं तक। वर्षों तक मिले आपके प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।’
बल्ले के साथ-साथ कप्तानी में भी हिट
अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली है। उन्होंने छह टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिनमें से चार में जीत और दो में ड्रॉ रहा। खास बात यह है कि उनकी कप्तानी में भारत ने कभी भी एक भी टेस्ट मैच नहीं हारा।वनडे क्रिकेट में रहाणे ने तीन मैचों में कप्तानी की, जिनमें भारत को जीत मिलीं. वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने दो मुकाबलों में टीम की अगुवाई की, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक में हार का सामना किया.
अजिंक्या रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने तीनों प्रारूपों में 35.95 के औसत से 8,414 रन बनाए, जिनमें 15 शतक और 51 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल में, रहाणे ने कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया। 212 आईपीएल मैचों में, रहाणे ने 30.15 के औसत से 5,367 रन बनाए, जिनमें दो शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया में दिलाई ऐतिहासिक जीत
अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान आया। एडिलेड टेस्ट में भारत की शर्मनाक हार और विराट कोहली की अनुपस्थिति में, उन्होंने कप्तानी संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर उन्होंने भारत को सीरीज में वापस ला खड़ा किया। इसके बाद, युवा टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली।यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार उपलब्धियों में गिनी जाती है और रहाणे की कप्तानी को हमेशा याद रखा जाएगा।
एक नजर रहाणे के क्रिकेट कैरियर पर
रहाणे का टेस्ट करियर
• 85 मैच, 5077 रन, 38.46 औसत
• 12 शतक, 26 अर्धशतक, 49.50 स्ट्राइक रेट
• 578 चौके, 35 छक्के
रहाणे का ODI करियर
• 90 मैच, 2962 रन, 35.26 औसत
• 3 शतक, 24 अर्धशतक, 78.63 स्ट्राइक रेट
• 293 चौके, 33 छक्के
रहाणे का टी20I करियर
• 20 मैच, 375 रन, 20.83 औसत
• 1 अर्धशतक, 113.29 स्ट्राइक रेट
• 32 चौके, 6 छक्के
(एजेंसी)

