Mon. Nov 2nd, 2026

कम उम्र में दुनिया छोड़ गए अभिनेता अनुज ठाकुर, नींद में दौरा पड़ने से हुई मौत

Actor Anuj Thakur Passed Away: प्रसिद्ध टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का अचानक निधन हो गया है। महज 33 वर्ष की आयु में उन्होंने देह त्याग दिया। वे रात भर सोते रहे और सुबह की रोशनी नहीं देख पाए। नींद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके अचानक निधन से उनका परिवार सदमे में है। टीवी जगत भी इस दुखद घटना से शोक में डूबा हुआ है।

कैसे हुआ अनुज ठाकुर का निधन?

अनुज ठाकुर का मुंबई के ओशिवारा स्थित अपने घर में सोते समय निधन हो गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार (27 अक्टूबर) को नींद में ही उन्हें दौरा पड़ा और इसी से उनकी मृत्यु हुई। अभिनेता के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इंडिया टुडे/आज तक को दिए एक विशेष साक्षात्कार में इस खबर की पुष्टि की। रूपेश सोनार ने बताया कि अनुज के परिवार को उनके अचानक निधन से गहरा सदमा लगा है और उन्होंने इस कठिन समय में निजता बनाए रखने का अनुरोध किया है। रूपेश सोनार ने कहा- अनुज पिछले कुछ समय से इंडस्ट्री से दूर थे, लेकिन हम लगातार एक दूसरे के कॉन्टैक्ट में थे। उनके निधन से करीब 10 दिन पहले ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। मैं शुक्रवार को उनसे बात करने की कोशिश कर रहा था, तभी उनके परिवार ने फोन उठाया और मुझे उनके निधन की जानकारी दी।

अनुज को 1 साल पहले भी पड़ा था दौरा

“जब मैं उसके परिवार से मिला, तो उन्होंने बताया कि शायद नींद में ही उसे दौरा पड़ गया और उसी से उसकी मौत हो गई। सुबह अलार्म बजा और जब उसकी मां उसे देखने गई, तो अनुज की मौत हो चुकी थी।” रूपेश ने आगे बताया, “अनुज को इस साल की शुरुआत में भी दौरा पड़ा था, जिसके लिए वह दवा ले रहा था। इस बार, शायद अकेले होने की वजह से, उसे बचाया नहीं जा सका।”

अनुज को यादकर भावुक हुए रूपेश

कास्टिंग डायरेक्टर के अनुसार, अनुज ठाकुर का परिवार उनके अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार में है। अनुज को याद करते हुए रूपेश ने कहा कि उन्हें अभी भी उनकी मृत्यु पर विश्वास नहीं हो रहा है। वे उनके निधन से गहरे सदमे में हैं। रूपेश ने अनुज की याद में एक भावुक पोस्ट भी साझा किया।

रूपेश ने पोस्ट में लिखा- अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि तुम अब हमारे बीच नहीं रहे। तुम सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि मेरे छोटे भाई की तरह थे। हमने साथ में कई प्रोजेक्ट्स प्लान किए थे। मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष और तुम्हारी पूरी जर्नी याद है।

जीवन सचमुच अनिश्चित है। यह स्वीकार करना दिल दहला देने वाला है कि आप इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले गए। यह खबर बिल्कुल अप्रत्याशित और अचानक आई है। भाई, आपको हमेशा याद किया जाएगा। आपकी आत्मा को शांति मिले। अनुज ठाकुर की बात करें तो उन्होंने “धूम मचाओ धूम”, “बंधन सात जन्मों का” और “महिसागर” जैसे सीरियल में काम किया था। उन्होंने लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई। प्रशंसक नम आंखों से उन्हें याद कर रहे हैं।(एजेंसी)

 

About The Author

SKY TMT