कटघोरा के पटाखा गोदाम में भीषण आग, धमाकों से दहला पूरा इलाका
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:00 बजे की है, जिसके बाद से आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है। मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें बहुत ऊंची उठीं और देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। जैसे ही पटाखे फटने लगे, आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।

पटाखों के फटने की तेज़ आवाज़ें
हालांकि राहत की बात यह है कि जहां यह गोदाम स्थित है, वहां आसपास कोई आबादी नहीं है, जिससे किसी बड़े जनहानि की आशंका फिलहाल नहीं है। लेकिन आग की तीव्रता के बीच गोदाम से लगातार पटाखों के फटने की तेज आवाजें आ रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर बनी हुई है।
दमकल कर्मी बुझाने में जुटे
दमकल कर्मी पूरी सावधानी के साथ आग पर नियंत्रण पाने में जुटे हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी थी। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और अतिरिक्त सहायता की संभावना भी जताई गई है।
धमाकों के बीच आग बुझाने की चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के चलते दमकलकर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
पुलिस ने घेरा इलाका
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। गोदाम में हुए विस्फोटों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्यों में लगी हुई हैं।
लाखों के नुकसान की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। ऐसे में पूरा स्टॉक जलकर खाक होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हो सकता है।(एजेंसी)

