Mon. Nov 2nd, 2026

टिकट लिस्ट के बाद AAP में टूट: अमृतसर और पटियाला के 3 विधायकों ने एक साथ ली BJP की सदस्यता

चंडीगढ़/पटियाला। पंजाब में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की बिसात बिछने से पहले ही सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) को दोहरा झटका लगा है। पिछले 48 घंटों में पार्टी के तीन दिग्गज विधायकों ने पार्टी से नाता तोड़ते हुए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में अमृतसर नॉर्थ से विधायक व पूर्व चर्चित आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।

पंजाब विधानसभा सदस्यता से दिया त्यागपत्र

पंजाब पुलिस के चर्चित पूर्व अधिकारी रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार, 2 नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा सौंपते हुए सदन की सदस्यता छोड़ दी। अपने त्यागपत्र में उन्होंने 1 नवंबर 2026 से पद छोड़ने की बात कही है। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति में आए कुंवर विजय प्रताप का राज्य सरकार और पार्टी आलाकमान के साथ टकराव काफी समय से सार्वजनिक था। वे बार-बार प्रशासनिक मुद्दों और चुनावी वादों पर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करते आ रहे थे।

टिकट वितरण के बीच फूटा अंदरूनी असंतोष

बगावत की नींव रविवार (1 नवंबर) को उस वक्त पड़ी जब पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। हालांकि समाना और सनौर विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए गए थे, लेकिन इसके तुरंत बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

मालवा और माझा में मजबूत हुई बीजेपी

सोमवार को इन तीनों वरिष्ठ नेताओं ने एक साथ भाजपा का दामन थाम लिया। माझा क्षेत्र अमृतसर के प्रभावशाली चेहरे कुंवर विजय प्रताप और मालवा क्षेत्र पटियाला के दो मजबूत जमीनी नेताओं के भाजपा में शामिल होने से सूबे में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। एक साथ तीन सिटिंग विधायकों के इस्तीफे ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author

SKY TMT