Sun. Nov 1st, 2026

‘लूट किया- BJP पापा, वैनिश कुमार- नो पापा’: ममता बनर्जी ने ‘जॉनी-जॉनी’ की तर्ज पर कविता सुनाकर केंद्र और CEC को घेरा

नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ की महारैली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी का एक अनोखा और आक्रामक अंदाज देखने को मिला। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए उन्होंने बच्चों की प्रसिद्ध नर्सरी कविता की तर्ज पर एक व्यंग्यात्मक कविता सुनाई। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ की संज्ञा दी और आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर लोकतांत्रिक जनादेश को गायब (वैनिश) कर दिया है।
ममता बनर्जी ने मंच से साफ शब्दों में चेतावनी दी कि पश्चिम बंगाल चुनाव में धांधली की परिस्थितियों का शिकार जरूर हुआ है, लेकिन उनकी पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल को लूटा गया है, लेकिन हम झुकेंगे नहीं। हम अपनी जान दे देंगे, पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंत तक लड़ेंगे। उन्होंने बंगाल में लूट की, तो हम दिल्ली से लोकतंत्र को बचाकर वापस लाएंगे।”

मंच से पढ़ी व्यंग्य कविता: ‘वैनिश-वैनिश यस पापा…’

ममता बनर्जी ने अपने भाषण के बीच में चुनावी अनियमितताओं और संस्थागत सांठगांठ पर चोट करते हुए कविता पाठ किया, जिस पर मैदान में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर तालियां बजाईं:
‘वैनिश-वैनिश (ज्ञानेश-ज्ञानेश) यस पापा, वोट चोरी यस पापा, लोकतंत्र चोरी यस पापा, लूट किया- BJP पापा, परदे के पीछे में कौन है- BJP पापा, लकड़ी चोरी- BJP पापा, इज्जत चोरी- BJP पापा, किसान का सम्मान चोरी- BJP पापा, मजदूर का घर तोड़ा- BJP पापा, BJP को चाहिए- नो पापा, वैनिश कुमार को चाहिए- नो पापा।’

‘SIR’ की नई परिभाषा: ‘BJP को स्पेशल इंटेनसिव रिलीफ’

चुनावी प्रक्रिया और मतगणना में कथित गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए ममता बनर्जी ने ‘SIR’ शब्द का नया सियासी अर्थ निकाला। उन्होंने कहा, “एसआईआर का सीधा मतलब है स्पेशल इंटेनसिव रिलीफ टू ए पॉलिटिकल पार्टी लाइक BJP. ज्ञानेश कुमार ने उनके लिए क्या नहीं किया? आपने ईवीएम लूटी, लोकतंत्र को लूटा, संविधान को लूटा और हमारे मतगणना के नतीजों को भी लूट लिया।”

‘बंगाल से 1 करोड़ वोट काटे, राजनीति से लेंगे बदला’

मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा, “वैनिश कुमार जी, आपने केवल वोट वैनिश नहीं किए, बल्कि सेंट्रली हाइजैकिंग के जरिए पूरी काउंटिंग को ही वैनिश कर दिया। हमारे पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से 1 करोड़ से अधिक वोटरों के नाम बाहर कर दिए गए। चुनाव होने से पहले हम हारे नहीं थे, बल्कि हमें सुनियोजित साजिश के तहत हराया गया है। इसका बदला हम राजनीति के जरिए लेंगे, लोकतंत्र के रास्ते से लेंगे और डटकर मुकाबला करेंगे।”
ममता बनर्जी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विपक्ष का यह साझा आंदोलन किसी निजी पद या राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के मताधिकार और देश के संविधान को सुरक्षित रखने की निर्णायक लड़ाई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT