34 हजार की ऊंचाई पर हवा में पायलटों के बीच चाकूबाजी से हड़कंप, हाईजैकिंग अलर्ट के बाद फ्लाइट डायवर्ट
Israel Plane Crisis News: बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई एक घटना से विमान के हाईजैक होने की आशंका के चलते हड़कंप मच गया। लगभग 180 यात्रियों को ले जा रहे इस विमान ने पहले तो सामान्य इमरजेंसी का संकेत दिया, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद एक ऐसा कोड भेजा जिससे हाईजैकिंग या गैर-कानूनी दखल का संकेत मिला। इस दौरान, पायलटों के बीच चाकू मारने की घटना और उनमें से एक के आत्महत्या की कोशिश करने के दावे भी सामने आए हैं। इजराइल को विमान की ओर फाइटर जेट भेजने की तैयारी करनी पड़ी।
बोइंग 737 मैक्स 8 विमान ने सबसे पहले ‘7700’ स्क्वॉक कोड भेजा, जो आम इमरजेंसी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जाने वाला सिग्नल है। इस यरुशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, यास्मीन अबू कासिस की बेटी मरियम भी उस फ्लाइट में सवार थी। यास्मीन ने बताया कि उनकी बेटी ने फोन करके कहा कि उसने प्लेन में चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी थी। उसके मुताबिक, एक आदमी ने चाकू निकाला, पायलट को नीचे गिरा दिया और हर तरफ खून ही खून था।
पायलट्स के बीच मारपीट का दावा
इजराइली मीडिया के अनुसार, इमरजेंसी सिग्नल किसी बाहरी हाईजैकिंग की वजह से नहीं, बल्कि विमान के दो पायलटों के बीच हुई कथित बहस के बाद भेजा गया था। शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि कॉकपिट के अंदर पायलट और को-पायलट के बीच हिंसक झड़प हुई थी। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या दोनों के बीच चाकू से जुड़ी कोई घटना हुई थी या नहीं।
इस बीच, एक और गंभीर दावा सामने आया है। इजराइली मीडिया की खबरों के मुताबिक, कथित तौर पर विमान में मौजूद एक पायलट ने आत्महत्या की कोशिश की। दावा है कि उसने विमान को लगभग 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे लाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि दूसरे पायलट ने उसे रोकने की कोशिश की और दोनों के बीच हाथापाई हुई।हालांकि, इन दावों की पूरी पुष्टि अभी नहीं हुई है। कुछ ही सेकंड बाद विमान से 7500 कोड भेजा गया। यह कोड हाईजैकिंग या विमान में किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप की आशंका का संकेत देता है। विमान का रास्ता भी बदला गया और आखिरकार उसने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
अचानक 17000 फीट नीचे आया विमान, चाकूबाजी का दावा
फ़्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के ऊपर उड़ान भरते समय विमान ने सिर्फ दो मिनट में अपनी ऊंचाई कम कर ली—यह लगभग 34,000 फीट से गिरकर करीब 16,600 फीट पर आ गया। CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विमान लगभग 17,400 फीट नीचे उतरा। इसके करीब 12 मिनट बाद, सुबह 11:02 बजे, विमान से एक इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। यरुशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट में दावा है कि यास्मिन अबू कासिस की बेटी मरियम भी इस विमान में सवार थीं। यास्मिन ने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें फोन पर कहा कि उसने विमान में चीखने की आवाजें सुनीं। उसके मुताबिक, एक शख्स ने चाकू निकाला, पायलट को नीचे गिरा दिया और उस दौरान चारों तरफ खून ही खून नजर आ रहा था।
सऊदी के ताबुक में सुरक्षित उतरा विमान
इस घटना के दौरान विमान से संपर्क टूट गया था और जब वह सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब उससे संपर्क नहीं हो पाया। इजराइली अधिकारियों ने इस स्थिति को संभावित हाईजैकिंग माना और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद विमान सुरक्षित रूप से तबुक हवाई अड्डे पर उतरा। इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और उड़ान में सवार इजराइली यात्रियों को वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना को डरावना बताते हुए एक यात्री ने कहा कि उन्हें लगा कि या तो प्लेन क्रैश होने वाला है या फिर उनकी जान चली जाएगी। इस बीच, फ्लाईदुबई के CEO ने इजराइल के ट्रांसपोर्ट अधिकारियों को जानकारी दी कि यात्रियों को लेने के लिए दुबई से सऊदी अरब एक दूसरा विमान भेजा जाएगा और फिर वह इजराइल के लिए रवाना होगा। ताबुक में विमान के उतरने के बाद अभी सुरक्षा जांच चल रही है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना बाहरी हाईजैकिंग के बजाय पायलटों के बीच हुए विवाद का नतीजा थी, हालांकि पूरी जांच अभी जारी है। (एजेंसी)

