नौकरी चाहिए? अक्टूबर में लगेगा बड़ा जॉब फेयर, 8,720 पदों पर भर्ती
रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अक्टूबर में रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। राजधानी रायपुर में दो दिवसीय जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग कंपनियां और प्लेसमेंट एजेंसियां हजारों पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी। अब तक 8,720 रिक्तियों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है।
Chhattisgarh Job Fair 2026 का आयोजन 7 और 8 अक्टूबर को बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रस्तावित है। इस मेले में 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवारों से लेकर ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे।
अलग-अलग योग्यता वालों के लिए नौकरी
इस जॉब फेयर में एक ही तरह की भर्ती नहीं होगी। उम्मीदवार अपनी पढ़ाई और कौशल के मुताबिक अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, सिक्योरिटी गार्ड, कस्टमर केयर और अन्य पदों के अवसर हैं। वहीं ITI और डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन और अप्रेंटिस जैसे पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
इंजीनियरिंग और ग्रेजुएशन-पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवाओं के लिए इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर और दूसरे प्रोफेशनल पदों पर अवसर मिल सकते हैं।
सबसे ज्यादा वैकेंसी किस सेक्टर में?
विभाग को अभी तक मिली रिक्तियों में तकनीकी और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र सबसे आगे है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, सिक्योरिटी और हेल्थकेयर सेक्टर में भी बड़ी संख्या में पद हैं।
टेक्निकल और मैन्युफैक्चरिंग: करीब 4,800 पद
लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट: करीब 1,600 पद
सिक्योरिटी: करीब 650 पद
हेल्थकेयर और केयर सर्विस: करीब 580 पद
अन्य कंपनियों से भी रिक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसलिए आने वाले समय में पदों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
इन कंपनियों में भी अवसर
रोजगार मेले के लिए कई कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें Quess Corp, Randstad India, Vardhman Textiles, Genus Power Infrastructure, Airtel Payments Bank, Instacart, Spandana Sphoorty Financial, Svatantra Microfin, NIIT, AISECT, Shanta Techno, Rajat Equipments और First Fly Corporate समेत अन्य नाम शामिल हैं।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए आवेदन करना होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ के ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर उपलब्ध वैकेंसी देखी जा सकती है।
उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित नौकरी की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तें जरूर जांचनी चाहिए।
ई-रोजगार पोर्टल
8 अक्टूबर को मिल सकता है ऑफर लेटर
जॉब फेयर के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के शामिल होने का कार्यक्रम है।
विभाग की ओर से अधिकारियों को रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार के साथ कंपनियों से सीधे संपर्क कर अधिक से अधिक रिक्तियां जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं के लिए एक जगह कई कंपनियों से जुड़ने का अवसर
इस जॉब फेयर में अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों के एक साथ पहुंचने से उम्मीदवारों को अपनी योग्यता के मुताबिक कई विकल्प देखने का अवसर मिलेगा। विभाग के अनुसार अब तक मिली 8,720 रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
नियोक्ता और प्लेसमेंट एजेंसियां भी रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए 7999385638 और 7000397968 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं।

