भागलपुर में बड़ा हादसा, बाढ़ के पानी में डूबने से 6 बच्चों की मौत
Bihar Flood: बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबकर छह बच्चों की मौत हो गई। यह घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में घटी। मृतकों में चार लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। छह बच्चों की मौत की खबर मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इस घटना से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
बाढ़ के पानी में डूब कर 6 बच्चों की हुई मौत
खबरों के मुताबिक, बच्चे सड़क किनारे बनी खाई में जमा बाढ़ के पानी में नहाने गए थे। खाई की गहराई से अनभिज्ञ होने के कारण वे अचानक गहरे पानी में गिर गए और डूबने लगे। जब आसपास के लोगों को घटना का पता चला, तो उन्होंने बच्चों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
सभी 6 बच्चों के मिले शव
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सभी छह बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। उन्हें आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में से पांच सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 के निवासी थे, जबकि एक सबौर थाना क्षेत्र का निवासी था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुल्तानगंज के थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि सड़क किनारे बने गड्ढे में बाढ़ का पानी जमा था। बच्चे उसमें स्नान करने गए थे और गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण हादसे का शिकार हो गए।
प्रशासन ने लोगों को बाढ़ के पानी और प्रभावित इलाकों में गड्ढों से दूर रखने की अपील
पुलिस ने सभी शव बरामद कर लिए हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे कर्मा उत्सव के लिए पानी में गए थे। भागलपुर समेत बिहार के कई इलाकों में इस समय बाढ़ का प्रकोप है। इसलिए जलभराव वाले गड्ढों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से बाढ़ के पानी में न जाने और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की है। (एजेंसी)

