Thu. Sep 17th, 2026

MP TET: डेढ़ लाख में से सिर्फ 19 हजार आवेदन, DPI-बोर्ड की बैठक में तारीख आगे बढ़ाने पर लगी मुहर

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों में कार्यरत सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अपडेट आया है। स्कूल शिक्षा विभाग और मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के आला अधिकारियों की संयुक्त बैठक के बाद टीईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। शिक्षक अब 5 अक्टूबर तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार यह समयसीमा 18 सितंबर को समाप्त हो रही थी।

कम फॉर्म आने के कारण बढ़ाई गई समयसीमा

विभागीय समीक्षा में सामने आया कि राज्यभर में पात्रता परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की तुलना में प्राप्त आवेदनों की संख्या बेहद कम थी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में करीब 1.5 लाख शिक्षक इस परीक्षा के दायरे में आते हैं। हालांकि, अब तक लगभग 19 हजार शिक्षकों ने ही फॉर्म भरे थे। बड़ी संख्या में शिक्षकों के पंजीकरण से वंचित रह जाने की आशंका को देखते हुए शासन ने अंतिम तिथि को 18 सितंबर से सीधे 5 अक्टूबर तक बढ़ाने का फैसला किया। इससे पहले भी आवेदन की डेडलाइन को 4 सितंबर से बढ़ाकर 18 सितंबर किया गया था।

दिसंबर में परीक्षा कराने की संभावना

परीक्षा के आयोजन की सही तारीख को लेकर अभी आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। विभाग के सूत्रों के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिसंबर महीने में परीक्षा आयोजित कराई जा सकती है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों और एडमिट कार्ड को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

देशभर से आ रहीं आपत्तियों पर केंद्र करेगा समीक्षा

सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता का मामला केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है। देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षकों और संगठनों द्वारा इस नियम को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इन लगातार आ रही शिकायतों और तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अब केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भी इस पूरी व्यवस्था और नियमों की समीक्षा करने की तैयारी कर रहा है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े