Fri. Nov 6th, 2026

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमला: 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाला गया, 1 लापता

नई दिल्ली। ओमान के समुद्री तट के पास रविवार को एक कमर्शियल शिप पर हुए भीषण हमले के बाद लापता हुए एक भारतीय नाविक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। इस पोत पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 13 नाविकों को ओमानी अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक नाविक अभी भी लापता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और ओमान के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ा रहा है।

‘नागरिकों और व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना अस्वीकार्य’

विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार बढ़ रहे खतरों और हमलों पर भारत का सख्त रुख साफ किया। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि समुद्री मार्गों में व्यापारिक जहाजों, बेकसूर नाविकों, आम नागरिकों और गैर-सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना भारत के लिए पूरी तरह अस्वीकार्य है।

भारत ने अपील की है कि अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय जलमार्गों में जहाजों की सुरक्षित, स्वतंत्र और निर्बाध आवाजाही को जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। मंत्रालय ने हमले का शिकार हुए जहाज ‘MT El Gaia’ की घटना की निंदा करते हुए क्षेत्र में तनाव कम करने और विवादों को बातचीत व कूटनीति के जरिए सुलझाने की वकालत की।

ईरान का दावा: समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया टैंकर

इस हमले की पृष्ठभूमि को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार करने का प्रयास कर रहा एक बड़ा तेल टैंकर समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंग से टकरा गया था, जिसके बाद उसमें तेज धमाका हुआ और भीषण आग लग गई।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT