Mon. Sep 14th, 2026

गुरुग्राम में महिला बाइकर से बर्बरता: पहले किया पीछा, फिर कार से मारी टक्कर; VIDEO वायरल

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को खतरनाक रोड रेज और ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। यहां अपनी स्पोर्ट्स बाइक पर जा रही एक चर्चित महिला बाइकर सिया को एक अनियंत्रित कार चालक ने जोरदार साइड टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिया चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी महंगी स्पोर्ट्स बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के तुरंत बाद कार चालक गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

राइड की शुरुआत से पीछा, रोकने का बना रहे थे दबाव

पीड़िता सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया आरएस 457  स्पोर्ट्स बाइक पर गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि कार में बैठे युवक शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में उनका पीछा कर रहे थे। पीड़िता के अनुसार कार सवार लगातार उनकी बाइक के बिल्कुल करीब आ रहे थे और शीशा नीचे कर फब्तियां कस रहे थे। उनके हाव-भाव से लग रहा था कि वे शराब के नशे में धुत हैं।

जब सिया ने उनसे गाड़ी दूर रखने को कहा, तो आरोपियों ने उल्टा उन पर बाइक सड़क किनारे रोकने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके कुछ ही पलों बाद कार चालक ने अचानक तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए बाइक को बाईं ओर से टक्कर मार दी, जिससे सिया सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं।

बाइक के कैमरे में कैद हुई खौफनाक वारदात

सिया की बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में पूरी घटना साफ रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि किस तरह एक सफेद कार खतरनाक ढंग से बाइक के करीब आती है, कट मारती है और टक्कर के बाद बाइक चिंगारियों के साथ दूर तक फिसलती जाती है। वीडियो में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर HR 30 Y 4949 साफ नजर आ रहा है, जिसका पंजीकृत मालिक मनीष नाम का व्यक्ति बताया गया है।

सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा, पुलिस दर्ज कर रही FIR

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने कार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। लोगों ने हरियाणा पुलिस और गुरुग्राम पुलिस को टैग कर आरोपियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजने की मांग की।

मामले के तूल पकड़ते ही गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि हालांकि पीड़िता की ओर से अब तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन घटना की गंभीरता और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान ले लिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े