Ajinkya Rahane Commentary Debut: क्रिकेट से संन्यास के बाद अब नई पारी की शुरुआत करेंगे अजिंक्य रहाणे, इस नए रोल में आएंगे नजर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज Ajinkya Rahane मैदान पर अपना शानदार खेल दिखाने के बाद अब एक बिल्कुल नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। प्रथम श्रेणी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद 37 वर्षीय रहाणे अब कमेंटेटर (Commentator) के रूप में नजर आएंगे। वह आगामी भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज के दौरान कमेंट्री बॉक्स में अपना डेब्यू करेंगे।
15 अगस्त को गॉल टेस्ट से करेंगे पदार्पण
अजिंक्य रहाणे को 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण के बाद लगभग 18 वर्षों तक चले अपने शानदार करियर को हाल ही में अलविदा कहने वाले रहाणे अब पहली बार टेस्ट कमेंट्री करते दिखेंगे।
कमेंट्री डेब्यू को लेकर अजिंक्य रहाणे ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा:
“मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का चरम बिंदु है और इतने वर्षों तक इस प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब खेल को एक अलग दृष्टिकोण से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं अपने अनुभव साझा करने, खेल की बारीकियों को समझाने और प्रशंसकों को उन रणनीतियों की जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं जो टेस्ट मैच का रुख बदलती हैं।”
ऐसा रहा अजिंक्य रहाणे का शानदार करियर
अजिंक्य रहाणे भारत के सबसे भरोसेमंद मध्यक्रम के बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 38.46 के औसत से 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनके नेतृत्व में ही भारत ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज जीती थी।

