धार के PM मित्र पार्क समेत 3 जगहों पर लगेंगे बड़े प्लांट! जानिए कैसे गुजरात के सहयोग से बदलेगी MP के टेक्सटाइल सेक्टर की तस्वीर?
भोपाल। मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के अहमदाबाद में देश के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ अहम बैठक की। इस प्रवास के दौरान सीएम ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की, जिसमें राज्य में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में बड़े पैमाने पर निवेश की सहमति बनी।
धार के PM मित्र पार्क में 1200 करोड़ का निवेश
गुजरात-मध्य प्रदेश के औद्योगिक संबंधों को प्रगाढ़ करते हुए अरविंद समूह राज्य के तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी इकाइयां स्थापित करने जा रहा है, जिनमें देवास के पास बरलाई, धार का पीएम मित्र पार्क और इंदौर के बेटमा में लगाए जाएंगे।
इनमें से धार स्थित पीएम मित्र पार्क में कंपनी द्वारा लगभग 1200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है जिसके लिए 105 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के तहत बने इस पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं को रोजगार और राज्य के विकास के लिए बड़े कदम
गुजरात के सहयोग से मध्य प्रदेश के करीब 5,000 युवाओं को गारमेंट व टेक्सटाइल क्षेत्र में सीधा रोजगार मिलेगा। इस नीति से औद्योगिक विस्तार से मिलने वाले टैक्स रेवेन्यू से प्रदेश के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
इस बैठक में राज्य में विकसित हो रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों को नगर निगमों के STP से जोड़कर जीरो लिक्विड डिस्चार्ज सिस्टम लागू करने पर चर्चा हुई।
सिंहस्थ-2028 में हाई-टेक संचार व्यवस्था
उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 के दौरान पुलिस, सुरक्षा बलों और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन के लिए अरविंद लिमिटेड की सहयोगी कंपनी के ‘मिशन-क्रिटिकल वायरलेस नेटवर्क’ व वॉकी-टॉकी सिस्टम के उपयोग की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने अरविंद समूह को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027’ में मुख्य सहभागी के रूप में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण दिया।

