Tue. Aug 11th, 2026

Sourav Ganguly और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी, सीएबी ऑफिस पहुंचे दो खौफनाक लेटर

Sourav Ganguly को उनके कोलकाता स्थित सीएबी (CAB) ऑफिस में कूरियर के जरिए दो बेहद आक्रामक और हिंसक पत्र मिले हैं। इन अंग्रेजी में लिखे पत्रों में न केवल सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली, बल्कि उनके साथ काम करने वाले स्टाफ और करीबियों को भी जान से खत्म करने की धमकी दी गई है।

इस तरह के आपत्तिजनक पत्र पिछले 6 महीनों से लगातार मिल रहे थे। शुरुआत में इसे किसी सिरफिरे फैन की हरकत समझकर नजरअंदाज कर दिया गया था। लेकिन सोमवार को जो दो नए पत्र मिले, उनकी भाषा बेहद खतरनाक और नफरत से भरी थी, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

पुलिस जांच और ‘अरुण कुमार’ नाम का खुलासा

इस मामले में कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। कूरियर पर भेजने वाले का नाम ‘अरुण कुमार’ लिखा है, जो पश्चिम बंगाल के बेलघरिया क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पत्र में दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर कोलकाता पुलिस ने तेजी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे किसी एक व्यक्ति की खुन्नस है या कोई बड़ी साजिश रची जा रही है।

इससे पहले भी कई दिग्गज क्रिकेटरों जैसे एमएस धोनी, राहुल द्रविड़, गौतम गंभीर और रिंकू सिंह को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ चुका है, लेकिन इस तरह सीधे निशाने पर लिए जाने से सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हो गई हैं।

About The Author