Sat. Aug 8th, 2026

Mahakal Mandir: श्रावण मास के 8 दिनों में 29 लाख भक्तों ने किए दर्शन, 497 क्विंटल लड्डू प्रसाद से ₹2.35 करोड़ की आय

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भाद्रपद मास की शुरुआत के साथ ही आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। बाबा महाकाल के दर्शनों के लिए न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देशभर से लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। श्रावण मास की शुरुआत से लेकर महज 8 दिनों के भीतर 29 लाख से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के अलौकिक रूप के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया है।

भक्तों की इस भारी भीड़ के साथ ही मंदिर परिसर में ‘लड्डू प्रसाद’ की मांग में भी भारी उछाल आया है। इन 8 दिनों में श्रद्धालुओं ने 497 क्विंटल से अधिक लड्डू प्रसाद खरीदा, जिससे मंदिर प्रबंध समिति को 2 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की रिकॉर्ड आय प्राप्त हुई है।

8 दिनों में 29 लाख पार: पहले सोमवार को टूटा रिकॉर्ड

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कुल 29,28,349 दर्शनार्थियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। श्रावण मास के पहले सोमवार को सबसे ज्यादा 6 लाख से अधिक श्रद्धालु महाकाल दरबार पहुंचे। वीकेंड पर श्रद्धालुओं का आंकड़ा 4 लाख 76 हजार दर्ज किया गया। शनिवार को 4 लाख 19 हजार भक्तों ने लाइन में लगकर राजाधिराज महाकाल की चौखट पर माथा टेका।

8 दिन में 497 क्विंटल लड्डू बिका, 2.35 करोड़ रुपये की आय

महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद भगवान के लड्डू प्रसाद का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ लड्डू प्रसाद की बिक्री ने भी सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 8 दिनों के भीतर 497.439 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री हुई। जिससे मंदिर प्रबंध समिति के खजाने में लगभग 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।

सामान्य दिनों से तीन गुना बढ़ी खपत, चिंतामण यूनिट में बन रहा प्रसाद

महाकाल मंदिर समिति द्वारा लड्डू प्रसाद के कुल 10 बिक्री काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी भक्त को प्रसाद लेने में असुविधा न हो। बताया जा रहा है कि सामान्य दिनों में रोजाना औसतन 25 से 30 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री होती है। लेकिन श्रावण मास के दौरान यह खपत बढ़कर प्रतिदिन 70 क्विंटल तक पहुंच जाती है। वर्ष 2025 के श्रावण मास में जहां 2800 क्विंटल लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराया गया था, वहीं इस बार श्रावण 2026 के लिए 3500 क्विंटल शुद्ध देसी घी का लड्डू प्रसाद तैयार कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह पूरा प्रसाद हमारी चिंतामण गणेश स्थित विशेष यूनिट में शुद्धता और मानकों का ध्यान रखते हुए तैयार किया जा रहा है।

उज्जैन में बना महाकुंभ जैसा माहौल

श्रावण मास में भगवान महाकाल की निकलने वाली पारंपरिक सवारी, भस्म आरती और सुलभ दर्शन व्यवस्था के कारण उज्जैन में इन दिनों मिनी महाकुंभ जैसी स्थिति बनी हुई है। मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए विशेष पुलिस बल, सीसीटीवी सर्विलांस और जिगजैग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं का यह आंकड़ा और भी नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है।

About The Author