न्याय की गुहार लगाने वाला परिवार अचानक हुआ गिरफ्तार! राजा रघुवंशी के भाइयों को पुलिस ने क्यों भेजा जेल?
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद न्याय की जंग लड़ रहा रघुवंशी परिवार एक बार फिर अचानक सुर्खियों में आ गया है। राऊ थाना पुलिस ने स्वर्गीय राजा रघुवंशी के दोनों सगे भाइयों-विपिन रघुवंशी और सचिन रघुवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई उनके स्वामित्व वाले ढाबे पर बिना लाइसेंस अवैध रूप से शराब पिलाए जाने के चलते की गई है।
देर रात ढाबे पर पुलिस की दबिश, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात राऊ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने होटल और ढाबों पर चेकिंग अभियान चलाया था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम जब ‘राजा भोज ढाबा’ पहुंची तो वहां बिना किसी वैध लाइसेंस के लोगों को बैठाकर खुलेआम शराब पिलाई जा रही थी।
पुलिस की अचानक हुई इस रेड से ढाबे में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आबकारी एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज
राऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सचिन रघुवंशी, विपिन रघुवंशी के अलावा शिव यादव, शुभम और विशाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

