मोबाइल लुटेरे ने लिया गलत पंगा! एक्टिवा सवार जुड़वा बहनों ने बीच सड़क निकाल दी सारी हेकड़ी
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में दो बहनों के अदम्य साहस और सूझबूझ की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसकी तारीफ अब पूरी ग्वालियर पुलिस कर रही है। पड़ाव इलाके में मोबाइल झपटकर भाग रहे एक शातिर बदमाश को देखकर दो बहनों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत अपनी एक्टिवा से आरोपी का पीछा किया, लगभग 2 किलोमीटर तक खदेड़कर उसे घेरा और बीच सड़क पर दबोचकर जमकर सबक सिखाया। इसके बाद दोनों बहनों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो ग्वालियर पुलिस अधिकारियों ने दोनों को कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया।
2 किलोमीटर तक एक्टिवा से किया पीछा
जानकारी के मुताबिक मुरार स्थित सीपी कॉलोनी की रहने वाली आशिता अग्रवाल और उनकी बहन राशिता अग्रवाल एक्टिवा से अपने कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश ने उनका मोबाइल छीना और तेजी से बाइक दौड़ाकर भागने लगा। दोनों बहनों ने आव देखा न ताव तुरंत स्कूटी स्टार्ट की और बदमाश के पीछे लगा दी। करीब दो किलोमीटर तक चेजिंग करने के बाद युवतियों ने बदमाश को धर दबोचा।
बीच सड़क पर उतारी हेकड़ी, फिर सौंपा पुलिस को
बदमाश जैसे ही रुका दोनों बहनों ने उसे कसकर पकड़ लिया और उसकी धुनाई शुरू कर दी। बीच सड़क पर हुई इस धुनाई से आरोपी की सारी हेकड़ी निकल गई और वह मिन्नतें करने लगा। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद दोनों बहनों ने आरोपी को पड़ाव थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वीडियो वायरल होने पर SSP ने किया सम्मानित
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी बहादुरी का वीडियो अपने फोन में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो अधिकारियों तक पहुंचने के बाद ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने दोनों बहनों को पुलिस मुख्यालय बुलाया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह और डीएसपी क्राइम नागेंद्र सिकरवार ने दोनों बहनों की हिम्मत और त्वरित सूझबूझ की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

