बिहार सरकार का बड़ा फैसला: DSP बनेंगे आकाश दीप और मुकेश, लेकिन पूरी करनी होगी ये शर्त
Patna News: बिहार में, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत उन बेहतरीन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन करते हैं। इसी पहल के तहत, भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार की बिहार पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद पर सीधी नियुक्ति के लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। सासाराम के आकाश दीप और गोपालगंज के मुकेश कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नियुक्ति पत्र सौंपा था। हालांकि, गृह विभाग ने इस सरकारी सेवा में बने रहने के लिए दोनों स्टार गेंदबाजों के सामने एक विशेष शर्त भी रखी है।
दोनों खिलाड़ियों को माननी होगी ये शर्त
बिहार गृह विभाग की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार, दोनों क्रिकेटरों को पांच साल का बॉन्ड भरना होगा। शर्त यह है कि उन्हें अगले पांच सालों तक एक्टिव खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेते रहना होगा। अगर खिलाड़ी इस बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करते हैं, तो DSP के तौर पर उनकी नियुक्ति की पुष्टि खतरे में पड़ सकती है।
DSP पद पर सैलरी और मिलने वाली सुविधाएं
वेतनमान और पे-लेवल: पे लेवल-9 (ग्रेड पे 5400 रुपये) के तहत 9300-34800 रुपये का वेतनमान।
शुरुआती मूल वेतन: 53,100 रुपये प्रति माह शुरुआती बेसिक सैलरी।
भत्ते और सुविधाएं: महंगाई भत्ता (DA), HRA, TA के साथ जरूरत पड़ने पर सरकारी आवास, वाहन, ड्राइवर और मेडिकल सुविधाएं।
पेंशन लाभ: दोनों क्रिकेटरों को सेवा काल के दौरान नई पेंशन योजना (NPS) का लाभ मिलेगा।
आकाश दीप और मुकेश कुमार का क्रिकेट करियर
सासाराम में जन्मे तेज गेंदबाज आकाश दीप ने भारत के लिए 10 टेस्ट मैचों में 28 विकेट लिए हैं, जिसमें पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज भी शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14 मैचों में 10 विकेट लिए हैं।
गोपालगंज के रहने वाले मुकेश कुमार ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और T20 में खेला है। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 7 विकेट, 6 वनडे मैचों में 5 विकेट और 17 T20 मैचों में 20 विकेट लिए हैं। वहीं, IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए मुकेश ने 42 मैचों में 42 विकेट लिए हैं। (एजेंसी)

