Sat. Aug 1st, 2026

Jamnagar Murder Mystery: ‘पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है…’ 2 साल तक झूठ बोलती रही पत्नी; 12 फीट नीचे कंक्रीट के फर्श से निकला कंकाल!

Jamnagar Murder Mystery: गुजरात के जामनगर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर रची गई एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक औद्योगिक शेड (Industrial Shed) के कंक्रीट फर्श के 12 फीट नीचे से एक व्यक्ति के अवशेष (कंकाल) बरामद किए हैं। आरोप है कि लगभग दो साल पहले एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की सायनाइड देकर हत्या कर दी थी और शव को दफनाकर ऊपर से पक्का कंक्रीट करवा दिया था।

2 साल तक कहती रही- ‘पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहे हैं’

पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान जिग्नेश मावडिया के रूप में हुई है, जिसने आरोपी पृथ्वी उर्फ भूमिबेन से प्रेम विवाह किया था और दोनों की दो बेटियां हैं। जिग्नेश के अचानक गायब होने के बाद जब भी परिजन उसके बारे में पूछते, तो आरोपी पत्नी लगातार झूठ बोलती रही। वह परिजनों को झांसा देती थी कि जिग्नेश काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया हुआ है और वहां कंपनी के कड़े नियमों के कारण उसे फोन करने की इजाजत नहीं है।

ऑस्ट्रेलिया जाने की योजना से खुला राज

इस खौफनाक हत्याकांड की साजिश का खुलासा तब शुरू हुआ, जब जिग्नेश का एक चचेरा भाई खुद ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी करने लगा। उसने पत्नी भूमिबेन से जिग्नेश का ऑस्ट्रेलिया वाला फोन नंबर और वहां का पता मांगा। जब बार-बार मांगने पर भी पत्नी कोई जानकारी नहीं दे सकी और टालमटोल करने लगी, तो परिजनों को गहरा शक हुआ। इसके बाद जिग्नेश के भाई अशोक मावडिया ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और पत्नी व उसके प्रेमी पर आशंका जताई।

शराब में सायनाइड मिलाकर दी दर्दनाक मौत

पुलिस द्वारा की गई सख्त पूछताछ में आरोपी पत्नी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी निलेश कछाटिया और उसके सहयोगी बलवीर वर्मा के साथ मिलकर हत्या की पूरी पटकथा लिखी थी। 31 मई 2024 की रात आरोपियों ने जिग्नेश को शराब पार्टी का झांसा देकर जामनगर के दरेड़ जीआईडीसी (Dared GIDC) स्थित एक इंडस्ट्रियल शेड में बुलाया। वहां उसकी शराब में सायनाइड मिलाकर दे दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

12 फीट गहरा गड्ढा और 1 फीट मोटी कंक्रीट की परत

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शेड के अंदर ही लगभग 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा और जिग्नेश के शव को उसमें दफना दिया। यही नहीं, किसी को शक न हो इसके लिए गड्ढे को मिट्टी से भरने के बाद उसके ऊपर लगभग 1 फीट मोटी कंक्रीट की पक्की परत ढाल दी गई।

पुलिस ने भारी मशीनों और उपकरणों की मदद से कंक्रीट की इस मोटी परत को तोड़कर गड्ढे की खुदाई कराई, जहां से मृतक का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को फॉरेंसिक जांच (DNA Test) के लिए भेज दिया है और आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी तथा सहयोगी तीनों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े