Tue. Jul 28th, 2026

Pakistan Gen Z Protest: भारत के कॉकरोच जनता पार्टी आंदोलन की पाकिस्तान में एंट्री! युवाओं ने बनाया Cockroach Party Pakistan

सिंध में परीक्षा परिणामों में कथित भेदभाव के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर जैसे आंदोलन की चर्चा.. सेना के डर से खुलकर सड़क पर उतरने से घबरा रहे पाकिस्तानी Gen Z

 

भारत में चर्चा में रहे कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन की गूंज अब पाकिस्तान तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में युवाओं का एक आंदोलन सोशल मीडिया पर Cockroach Party Pakistan के नाम से चर्चा में आ गया है। यह आंदोलन कथित तौर पर परीक्षा परिणामों में अनियमितता और स्थानीय युवाओं के साथ भेदभाव के आरोपों को लेकर शुरू हुआ है।

सिंध के हैदराबाद में चल रहे इस आंदोलन को भारत के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आ रही रील्स में पाकिस्तान के युवा भारत में हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए अपने देश में भी इसी तरह विरोध प्रदर्शन करने की बात कर रहे हैं।

हालांकि, पाकिस्तान के कई युवा खुलकर सड़कों पर उतरने से डरने की बात भी कह रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ रील्स में दावा किया जा रहा है कि अगर उन्होंने सरकार या व्यवस्था के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया तो उन्हें सुरक्षा एजेंसियों या सेना की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

पूरा विवाद सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन की वर्ष 2024 में आयोजित परीक्षा के नतीजों से जुड़ा बताया जा रहा है। युवाओं की ओर से परीक्षा प्रक्रिया और परिणामों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सिंध के स्थानीय युवाओं के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया गया और प्रभावशाली लोगों के बच्चों को नौकरियां मिलने का फायदा हुआ।

मामला बढ़ने के बाद सिंध स्टूडेंट एक्शन कमेटी ने सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने वहां तंबू लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है।

इस विवाद के बीच सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। परीक्षा परिणामों को लेकर मामला सिंध हाईकोर्ट तक पहुंचा और मई में अदालत ने परीक्षा के नतीजों पर रोक लगाने का आदेश दिया था।

अब सोशल मीडिया पर Cockroach Party Pakistan नाम से सामने आ रहे पोस्ट और रील्स ने इस पूरे मामले को नया रंग दे दिया है। बड़ी संख्या में पाकिस्तानी युवा इन पोस्ट्स और वीडियो के जरिए परीक्षा व्यवस्था, सरकारी संस्थाओं और कथित भेदभाव के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

कई वायरल रील्स में पाकिस्तानी Gen Z यह कहते हुए नजर आ रहा है कि वह भारत के जंतर-मंतर जैसा आंदोलन करना चाहता है, लेकिन पाकिस्तान में ऐसा करने पर कार्रवाई का डर है। कुछ युवाओं ने अपनी रील्स में सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए दावा किया है कि सेना के डर के कारण वे खुलकर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर Cockroach Party Pakistan की चर्चा तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, इस आंदोलन के वास्तविक विस्तार और इसमें शामिल युवाओं की संख्या को लेकर सोशल मीडिया के दावों की स्वतंत्र पुष्टि अलग-अलग स्तर पर जरूरी है।

 

About The Author