छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 150 से अधिक अधिकारियों के तबादले
Chhattisgarh Police Transfer News:छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बार फिर पुलिस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादलों का आदेश जारी किया है। गृह विभाग ने बड़ी संख्या में एएसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टरों सहित 150 अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए हैं। तबादलों की सूची में रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण पुलिस सहित कई जिलों में तैनात एएसपी और डीएसपी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा कैडर में प्रशासनिक आधार पर व्यापक फेरबदल किया है। मंत्रालय (महानदी भवन) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य पुलिस सेवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक अस्थायी रूप से नए पदों पर तैनात किया गया है।इस बड़े फेरबदल में मुख्यमंत्री की सुरक्षा से लेकर कई जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी कमांडर, सीएसपी और एसडीओपी तक प्रभावित हुए हैं।
रायपुर, दुर्ग, बीजापुर समेत अन्य जिलों में बदले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
इस सूची में 56 एएसपी स्तर के और 92 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सूची में रायपुर, दुर्ग, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बलोदाबाजार, गरियाबंद, कोंडागांव और कई अन्य जिलों में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के नाम भी शामिल हैं। जारी आदेश के तहत अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना दी गई है।
ओपी शर्मा को मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद भैया को पीटीएस मैनपट का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। ओपी शर्मा को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में पुलिस अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है। नीरज चंद्रकार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई-दुर्ग की प्रथम बटालियन का कमांडर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, गायत्री सिंह को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एनएचआरसी) के पद पर तैनात किया गया है।
इन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (ASP) की बदली जिम्मेदारी
गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संवर्ग (ग्रेड पे 8700) में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
ओ.पी. शर्मा (सेनानी, 4थी वाहिनी, छसबल माना रायपुर) को अब पुलिस अधीक्षक, माननीय मुख्यमंत्री सुरक्षा (छ.ग. रायपुर) के पद पर तैनात किया गया है।
राजेन्द्र प्रसाद भैया (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर) को पुलिस अधीक्षक, पी.टी.एस. मैनपाट बनाया गया है।
संतोष महतो को सेनानी, 5वीं वाहिनी छ.स.बल जगदलपुर की कमान दी गई है।
सुखनंदन राठौर (अति. पुलिस अधीक्षक, शहर, जिला दुर्ग) का तबादला अति. पुलिस अधीक्षक बस्तर (जिला जगदलपुर) के रूप में किया गया है।
शोभराज अग्रवाल को अति. पुलिस अधीक्षक मान. मुख्यमंत्री सुरक्षा से हटाकर अति. पुलिस अधीक्षक (शहर), जिला दुर्ग बनाया गया है।
राम कुमार बर्मन (अति. पुलिस अधीक्षक, जिला दन्तेवाड़ा) को अति. पुलिस उपायुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी दी गई है।
गायत्री सिंह को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, ए.एन.टी.एफ. (पुलिस मुख्यालय रायपुर) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सुप्रतिभा तिवारी (बिलासपुर), उमेश कुमार कश्यप (पुलिस मुख्यालय), चंद्रकांत गवर्ना (बालोद), रितेश चौधरी (सरगुजा), खोमन लाल सिन्हा (बलौदाबाजार) सहित कई अन्य एएसपी अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।
उप पुलिस अधीक्षक (DSP/SDOP) स्तर पर भी भारी उलटफेर
आदेश में उप पुलिस अधीक्षक संवर्ग के अधिकारियों की भी लंबी सूची शामिल है, जिन्हें मैदानी और प्रशासनिक पदों पर स्थानांतरित किया गया है।
स्नेहिल साहू (अनुविभागीय अधिकारी, सारंगढ़) को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय बनाया गया है।
देवांश सिंह राठौर (सहायक पुलिस आयुक्त, पुरानी बस्ती रायपुर) को उप पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग भेजा गया है।
निशांत पाठक को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), भिलाई (जिला दुर्ग) की कमान सौंपी गई है।
तिलेश्वर प्रसाद यादव को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), कोतवाली (जिला बिलासपुर) नियुक्त किया गया है।
परमेश्वर तिलकवार को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), सिविल लाइन (जिला बिलासपुर) बनाया गया है।
राहुल कुमार उईके को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), रायगढ़ (जिला रायगढ़) पदस्थ किया गया है।
इसके साथ ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों (जैसे सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर) में पदस्थ कई ऑप्स (Ops) और डीआरजी (DRG) के उप पुलिस अधीक्षकों को मैदानी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के रूप में नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।
राज्यपाल के नाम पर उप सचिव ने जारी किया आदेश
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त सभी नियुक्तियों को विधिवत अनुमोदित कर दिया गया है और आवश्यकतानुसार समन्वय किया गया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है और इस पर उप सचिव राम प्रसाद चौहान के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। आदेश की एक प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और संबंधित क्षेत्र के आईजी/कलेक्टरों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।(एजेंसी)

