Sun. Jul 12th, 2026

‘दिस इज माय मैन…’ सिंगर Jasmine Sandlas ने लाइव कॉन्सर्ट में की सगाई की अनाउंसमेंट

Jasmine Sandlas Engagement: भारतीय-अमेरिकी सिंगर और पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री की ‘गुलाबी क्वीन’ जैस्मीन सैंडलस (Jasmine Sandlas) ने अपने फैंस को एक बहुत बड़ा सरप्राइज दिया है। जैस्मीन सैंडलस की सगाई हो गई है और इसका एलान उन्होंने किसी प्राइवेट सेरेमनी में नहीं, बल्कि अपने हजारों फैंस के सामने लाइव कॉन्सर्ट में किया।

11 जुलाई को दिल्ली में आयोजित अपने मोस्ट अवेटेड ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की ओपनिंग नाइट के दौरान जैस्मीन ने अपनी सगाई की घोषणा की और अपने मंगेतर शेखर चौधरी से सबको मिलवाया, जिसे देखकर वहां मौजूद सभी फैंस हैरान रह गए।

स्टेज पर दिखाई सगाई की अंगूठी

इंटरनेट और इंस्टाग्राम पर इस कॉन्सर्ट के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में जैस्मीन अपने मंगेतर शेखर को स्टेज पर बुलाती हैं और बेहद गर्व के साथ उन्हें अपना ‘मैन’ (जीवनसाथी) बताती हैं। हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ से तहलका मचाने वाली सिंगर स्टेज पर अपनी सगाई की डायमंड रिंग भी फ्लॉन्ट करती हुई नजर आईं।

शेखर को लगाया गले और किया रोमांटिक डांस

वायरल वीडियो में जैस्मीन स्टेज पर शेखर का हाथ थामे हुए इमोशनल अंदाज में कहती हैं:

“यही है मेरे होने वाले जीवनसाथी जिसने मुझे अंगूठी पहनाई है। दोस्तों, यही मेरे जीवनसाथी हैं।”

यह बोलने के बाद सिंगर दौड़कर उनके पास गईं और खुशी से उन्हें कसकर गले लगा लिया। इसके बाद दोनों ने जैस्मीन के सुपरहिट गाने ‘लावन’ पर एक साथ बेहद रोमांटिक डांस किया। दोनों की ऑन-स्टेज केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया। स्टेज से नीचे उतरने से पहले शेखर ने जैस्मीन को एक फ्लाइंग किस भी दिया, जिसके तुरंत बाद जैस्मीन काफी इमोशनल होती दिखीं।

यशोभूमि में गूंजी जैस्मीन की आवाज, अब इन शहरों की बारी

जैस्मीन के इंडिया टूर की यह धमाकेदार शुरुआत नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में हुई। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने ‘तरस’, ‘इलीगल वेपन’, ‘लावन’, ‘पंजेबा’ और ‘सिप सिप’ जैसे अपने कई ब्लॉकबस्टर गाने गाए। इसके साथ ही उन्होंने अपनी हालिया फिल्मों ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ और ‘जाइए सजना’ पर भी परफॉर्म किया।

दिल्ली के बाद अब जैस्मीन अपने इस टूर के तहत अगले शहरों में परफॉर्म करने के लिए तैयार हैं:

18 जुलाई: मुंबई

25 जुलाई: बेंगलुरु

29 अगस्त: चंडीगढ़

शानदार रहा है जैस्मीन का म्यूज़िक सफर

स्टॉकटन में पली-बढ़ीं जैस्मीन सैंडलस के पंजाबी और बॉलीवुड गानों के लाखों दीवाने हैं। उन्होंने साल 2007 में अपने पहले गाने ‘मुस्कान’ से करियर की शुरुआत की थी। बॉलीवुड में उन्हें बड़ा ब्रेक 2014 में सलमान खान की फिल्म ‘किक’ के गाने ‘यार ना मिले’ से मिला, जो एक जबरदस्त चार्टबस्टर साबित हुआ।

पिछले कुछ सालों में जैस्मीन ने एक से बढ़कर एक हिट गाने दिए हैं, जिनमें फिल्म ‘मुंज्या’ (2024) का ‘तरस’, ‘धुरंधर’ (2025) का ‘शरारत’ और इसका टाइटल ट्रैक, और फिर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (2026) के ‘मैं और तू’ व ‘जाइए सजना’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं।

About The Author