Tue. Jul 7th, 2026

हजारों कर्मचारियों पर गिरी गाज! 4,800 नौकरियां खत्म

2.1 प्रतिशत कर्मचारियों की होगी कटौती, कंपनी ने कहा ग्राहकों की बदलती जरूरतों के कारण लिया गया फैसला

 

Microsoft Layoffs 2026: वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी वैश्विक स्तर पर लगभग 4,800 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करेगी, जो उसके कुल कार्यबल का करीब 2.1 प्रतिशत है। इस पुनर्गठन का सबसे अधिक असर कंपनी के गेमिंग कारोबार एक्सबॉक्स डिवीजन पर पड़ेगा।

 

माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, एक्सबॉक्स इकाई में लगभग 1,600 कर्मचारियों की तत्काल छंटनी की गई है, जबकि चालू वित्त वर्ष के दौरान अन्य 1,600 पद भी समाप्त किए जाएंगे। कंपनी का कहना है कि यह कदम व्यापक कारोबारी पुनर्गठन रणनीति का हिस्सा है।

 

एक्सबॉक्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में कहा कि मौजूदा समय में गेमिंग कारोबार अपेक्षित लाभ नहीं दे पा रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योग में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और गेमिंग कंसोल के पुर्जों की बढ़ती लागत के कारण लाभ मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि एक्सबॉक्स का मुकाबला सोनी के प्लेस्टेशन और निनटेंडो स्विच जैसे प्रमुख उत्पादों से है, जिससे प्रतिस्पर्धा और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

 

कंपनी ने यह भी जानकारी दी कि पुनर्गठन के तहत पहले अधिग्रहित किए गए चार वीडियो गेम डेवलपमेंट स्टूडियो को अलग किया जा रहा है। इस कदम का उद्देश्य कारोबार को अधिक प्रभावी और लाभदायक बनाना है।

 

माइक्रोसॉफ्ट की मुख्य मानव संसाधन अधिकारी एमी कोलमैन ने स्पष्ट किया कि यह छंटनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों और संगठनात्मक पुनर्गठन के कारण की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाप्त किए जा रहे पदों की जगह कृत्रिम मेधा (AI) नहीं ले रही है और यह निर्णय सीधे तौर पर एआई से जुड़ा नहीं है।

 

हाल के वर्षों में तकनीकी कंपनियां लागत नियंत्रण, कारोबारी पुनर्गठन और बाजार की बदलती परिस्थितियों के चलते बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या में कटौती कर रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट का यह फैसला भी उसी वैश्विक प्रवृत्ति का हिस्सा माना जा रहा है।

About The Author