बारिश ने रोकी रफ्तार! 27 ट्रेनें रद्द, 57 का बदला रूट
लोनावला में 24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश, मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर कई जगह भूस्खलन, दर्जनों ट्रेनों का रूट बदला और बहाली कार्य जारी
मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग के कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे ट्रेन संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। मध्य रेलवे ने सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट किया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पुणे जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन लोनावला में सोमवार सुबह तक 24 घंटे के दौरान लगभग 670 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार भारी वर्षा के कारण पुणे जिले में पिछले दो दिनों में 22 स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, रविवार को घाट सेक्शन में करीब 300 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसमें शुरुआती चार घंटों में ही लगभग 160 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी दौरान ठाकुरवाडी के पास पहला भूस्खलन हुआ, जिससे भोर घाट की तीनों रेल लाइनें प्रभावित हुईं। इसके बाद मंकी हिल और खंडाला के बीच भी भूस्खलन हुआ, जबकि खंडाला स्टेशन के पास डाउन लाइन पर एक पेड़ गिर गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर पटरियों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, संवेदनशील इलाकों में पहले से तैनात कर्मचारियों की सतर्कता के कारण किसी भी ट्रेन को दुर्घटना का सामना नहीं करना पड़ा। एहतियात के तौर पर दौंड-ग्वालियर एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बेंगलुरु एक्सप्रेस को बीच रास्ते में रोककर सुरक्षित स्टेशनों पर वापस लाया गया।
रेलवे के अनुसार, सोमवार देर शाम तक 27 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। इसके अलावा 57 ट्रेनों के मार्ग बदले गए, 19 ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त किया गया, 15 ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक स्टेशनों से किया गया और 4 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया।
घाट सेक्शन में बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे ने लगभग 200 श्रमिकों को राहत कार्य में लगाया है और अतिरिक्त 200 कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, रायगढ़ जिले में कर्जत और खोपोली के बीच लगभग 12 घंटे तक बाधित रहने के बाद सोमवार शाम को रेल सेवाओं को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।

