Tue. Jul 7th, 2026

सावधान! कहीं आप भी तो अपनी गाड़ी में नहीं भरवा रहे मिलावटी पेट्रोल? कई वाहनों के इंजन खराब होने का दावा

मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर पानी मिला पेट्रोल मिलने का आरोप, जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे, रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में कथित मिलावट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कई वाहन चालकों ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप से पानी मिला हुआ ईंधन मिलने के कारण उनकी गाड़ियां पेट्रोल भरवाने के कुछ ही समय बाद बंद हो गईं। कुछ लोगों ने इंजन खराब होने और गंभीर तकनीकी दिक्कत आने का भी दावा किया है।

 

वाहन मालिकों का कहना है कि कथित रूप से मिलावटी पेट्रोल की वजह से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित ग्राहकों ने पेट्रोल पंप संचालक से वाहनों की मरम्मत का खर्च दिलाने और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ईंधन के सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पेट्रोल में वास्तव में पानी या किसी अन्य प्रकार की मिलावट थी या नहीं।

 

घटना के बाद बड़ी संख्या में वाहन मालिक और स्थानीय लोग पेट्रोल पंप पहुंच गए। नाराज ग्राहकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

 

About The Author